ट्रेनें कम हुईं तो बसों की बढ़ी कमाई: यात्री अधिक मिलने से रोडवेज का भर रहा खजाना

प्रतापगढ़ (अनुराग दर्शन समाचार) । प्रतापगढ़ में लॉकडाउन से लेकर अब तक ट्रेन कम चलने का फायदा परिवहन निगम उठा रहा है। यात्री अधिक मिलने से रोडवेज का खजाना भर रहा है। हर महीने लक्ष्य से अधिक की कमाई हो रही है। इससे अधिकारियों और कर्मचारियों में काम करने का नया उत्साह पैदा हुआ है।

लॉकडाउन में छह महीने तक रोड पर बसों का संचालन ठप रहा। केवल श्रमिकों को उनके घर पहुंचाने के लिए बसें चलाई गईं। अगस्त में बसों का संचालन शुरू होने पर सभी रूट पर मांग रही। सबसे अधिक मांग दिल्ली रूट पर रही। इस पर परिवहन निगम ने 10 बसें चलाकर प्रवासी यात्रियों को उनके मंजिल तक पहुंचा कर अच्छी खासी कमाई की। इस महीने में दो करोड़ 15 लाख की आय प्रतापगढ़ डिपो की हुई। सितंबर में भी बल्ले-बल्ले रही।
अक्टूबर माह में शासन ने प्रतापगढ़ को दो करोड़ साठ लाख रुपए का लक्ष्य तय किया है। यह भी पूरा होता नजर आ रहा है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक पीके कटियार बताते हैं कि लंबी दूरी वाले रूटों पर बसों की संख्या बढ़ाई गई है। गोरखपुर, दिल्ली, आगरा व कानपुर रूट पर बसें पर्याप्त चलाई जा रही हैं।
इन दिनों कानपुर रूट पर तकनीकी बाधा का सामना रोडवेज को करना पड़ रहा है। रायबरेली में सई नदी पर नया पुल बनाया जा रहा है। जिसके कारण बसों को सलोन से परशदेपुर की ओर घुमा दिया जा रहा है। इस कारण करीब 40 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए रायबरेली तक बसें पहुंच रही हैं। फिर वहां से लखनऊ और कानपुर के लिए जा रही हैं। यह समस्या पांच नवंबर तक बनी रहने की आशंका है।

Exit mobile version