
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। राष्ट्रीय ट्रांसपोर्टर के 1.3 मिलियन कर्मचारियों के बीच नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए रेलवे सतर्कता सप्ताह का आयोजन कर रहा है। सतर्क भारत, समृद्ध भारत के संदेश के साथ उत्तर मध्य रेलवे (उमरे) के महाप्रबंधक राजीव चौधरी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। इस समारोह में उमरे के वरिष्ठ उप महाप्रबंधक और मुख्य सतर्कता अधिकारी नवीन कुमार सिन्हा के साथ-साथ अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
राजीव चौधरी ने कहा कि कार्यप्रणाली में निष्पक्षता और पारदर्शिता लाने के लिए तकनीक का प्रयोग सदैव से महत्वपूर्ण रहा है। आईटी का निवारक सतर्कता उपकरण के रुप में उपयोग पर विशेष ध्यान दिया जाता है तथा रेल में प्रयुक्त आईटी आधारित सेवाओं का आडिट भी किया जाएगा। सतर्कता विभाग के अधिकारियों ने अभियान के प्रत्येक दिन के लिए विशिष्ट जागरूकता संदेश तैयार किए हैं जो सभी कर्मचारियों को बल्क मैसेजिंग सेवा के माध्यम से भेजे जाएंगे।
सिस्टम में सुधार लाने और ऑडिट के माध्यम से अधिक पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से उमरे में जिन गतिविधियों को चिन्हित किया गया है उनमें रेल भूमि का प्रबंधन, अतिक्रमण संबंधी मुद्दे, रेलवे आवास के आवंटन आदि शामिल है। इसके अलावे कार्यस्थलों पर महिलाओं के उत्पीडऩ से संबंधित शिकायतों से निपटने के लिए मौजूदा समितियों और प्रणालियों की समीक्षा की जायेगी और आवश्यकतानुसार उनमें सुधार किया जाएगा।