प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। गंगा दिवस के अवसर पर बुधवार, 04 नवंबर को गंगा मैराथन का आयोजन किया गया है।
गंगा की स्वच्छता का संकल्प लेते हुए धावक पुरस्कार जीतने के लिए भी पूरा दम लगाएंगे। राज्य स्वच्छ गंगा मिशन उत्तर प्रदेश, नमामि गंगे और ग्रामीण जलापूर्ति विभाग की ओर से 04 नवंबर को गंगा दिवस का आयोजन किया गया है।
इसका उद्देश्य गंगा नदी के संरक्षण के लिए जनजागरूकता बढ़ाना है और इसमें लोगों की भागीदारी सुनिश्चित कराना है। इसी क्रम में वन विभाग की ओर से बुधवार को अमिताभ बच्चन स्पोट्र्स कांप्लेक्स (म्योहाल) से सुबह सात बजे गंगा मैराथन का आयोजन किया गया।
डीएफओ वाईपी शुक्ला ने बताया कि गंगा मैराथन महिला और पुरुष वर्ग के लिए अलग-अलग होगी। विजयी धावकों के लिए प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार रखा गया है। कोविड-19 के सुरक्षा उपायों को भी ध्यान में रखा जाएगा। गंगा मैराथन को सकुशल संपन्न कराने के लिए वन विभाग, क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी द्वारा नामित वालंटियर्स, गंगा सेवकों, सिविल डिफेंस एवं नेहरू युवा केंद्र का सहयोग लिया जाएगा। मार्ग में दो एंबुलेंस धावक देखरेख के लिए लगाए जाएंगे। मैराथन मार्ग की समुचित सफाई व्यवस्था भी सुनिश्चित कराई जाएगी। निर्धारित मार्ग पर यातायात व्यवस्था का संचालन यातायात पुलिस द्वारा किया जाएगा।