महाप्रबंधक ने की संरक्षा, माल लदान व ट्रेन स्पीड की समीक्षा
अक्टूबर तक 37 रैक माल किया लोड, 18.30 करोड़ की कमाई
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर मध्य रेलवे (उमरे) के महाप्रबंधक राजीव चौधरी ने प्रमुख विभागाध्यक्षों और प्रयागराज, झांसी व आगरा मंडलों के डीआरएम के साथ बैठक कर बताया कि उमरे ने इस वित्तीय वर्ष में अक्टूबर माह तक 37 रैक माल लोड किया। इससे 18.30 करोड़ रुपये की कमाई हुई। अक्टूबर 2020 में रिकॉर्ड लोडिंग प्रदर्शन दर्ज करने के बाद, वित्तीय वर्ष के शेष महीनों में इस वृद्धि क्रम को जारी रखने के लिए नई ट्रैफिक स्ट्रीम्स को शामिल करने के प्रयास तेज कर दिए हैं। राजीव चौधरी ने स्टेशन से स्टेशन (एसटीएस) रियायती प्रस्तावों को अंतिम रूप देने में तेजी लाने पर बल दिया। उमरे में अब तक 08 एसटीएस दरों को अंतिम रूप दिया गया है एवं 05 और एसटीएस प्रस्तावों पर काम चल रहा है।
महाप्रबंधक ने संरक्षा, ट्रेनों की स्पीड 160 किमी प्रति घंटा तक बढ़ाने, माल लदान समेत अन्य महत्वपूर्ण कार्यों की समीक्षा की। साथ ही कोविड-19 के खिलाफ उच्च स्तर की सावधानियां जारी रखने पर बल दिया। बैठक में नई दिल्ली-मुंबई खंड और कानपुर-लखनऊ खंड सहित नई दिल्ली-हावड़ा खंड पर 160 किमी प्रति घंटे की गति बढ़ाने के कार्यों की भी समीक्षा की गई। राजीव चौधरी ने मंडलों को साइडिंगों में ट्रैक और अन्य आधारभूत संरचना की स्थिति की जांच कर कमियों की पहचान करने और उनमें तत्काल सुधारने के लिए एक अभियान शुरू करने की सलाह दी। संरक्षा के प्रति कर्मचारियों को संवेदनशील बनाने के लिए, चालू वित्त वर्ष में अब तक 06 संरक्षा अभियान चलाए गए हैं।