
हाईकोर्ट ने प्रमुख सचिव गृह से मांगा व्यक्तिगत शपथ पत्र
प्रदेश के टॉप टेन माफिया में नंबर वन पर है यह सजायाफ्ता
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव (गृह) से पूछा है कि मेरठ से फरार ढाई लाख के इनामी सजायाफ्ता बदमाश बदन सिंह बद्दो की गिरफ्तारी के लिए अब तक क्या प्रयास हुए। हाईकोर्ट ने प्रमुख सचिव गृह को इसके लिए व्यक्तिगत शपथ पत्र दाखिल करने का आदेश दिया है। गत वर्ष 28 मार्च 2019 को हिरासत से फरार हुए उम्रकैद की सजा पाए बद्दो की गिरफ्तारी के लिए प्रयास न होने को लेकर मेरठ के सामाजिक कार्यकर्ता अभिषेक सोम ने हाईकोर्ट में आपराधिक जनहित याचिका दाखिल की है।
पीआईएल में अभिषेक का कहना है कि बदन सिंह बद्दो फरार होने के बाद से सोशल मीडिया पर अपना स्टेट्स लगातार अपडेट रखता है। फेसबुक पर भी पोस्ट डालता रहता है। उसकी गिरफ्तारी का कोई प्रयास नहीं किया गया है। याचिका यह भी आरोप है कि बद्दो के राजनीतिक संबंध होने के कारण भी उसकी गिरफ्तारी के प्रयास नहीं हो रहे हैं। दो नवंबर को चीफ जस्टिस गोविंद माथुर व जस्टिस सिद्धार्थ वर्मा की बेंच ने इस याचिका पर सुनवाई की।
सुनवाई में स्टैंडिंग काउंसिल ने बताया कि बद्दो की गिरफ्तारी के लिए स्पेशल टास्क फोर्स गठित की जा चुकी है। हाईकोर्ट ने सभी तथ्यों को देखते हुए कहा कि उन सभी प्रयासों को जानना जरूरी है, जो इनामी बदमाश की गिरफ्तारी करने के लिए अब तक हुए हैं। इसलिए प्रमुख सचिव (गृह) यह बताएं कि अपराधी की गिरफ्तारी के लिए अब तक क्या-क्या प्रयास किए गए हैं। हाईकोर्ट ने याचिका पर सुनवाई के लिए 23 नवंबर की तिथि नियत करते हुए प्रमुख सचिव को इस संबंध में व्यक्तिगत शपथ पत्र दाखिल करने का आदेश दिया है।