
(अनन्त पांडेय ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। सात माह से बंद इलाहाबाद संग्रहालय 10 नवंबर से दर्शकों के लिए खोल दिया जाएगा। कोरोना के कारण मार्च में संग्रहालय को बंद कर दिया गया था। संस्कृति मंत्रालय की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुसार कोरोना संक्रमण से बचाव के उपाय के साथ संग्रहालय को खोला जाएगा। संग्रहालय के निदेशक डॉ. सुनील गुप्त के अनुसार सीमित संख्या में दर्शकों को प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश द्वार पर ही सभी दर्शकों की स्वाचालित थर्मल स्कैनिंग होगी। टिकट काउंटर व कला वीथिकाओं में सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा पालन किया जाएगा। गोल घेरे में कतारबद्ध होकर ही दर्शक प्रवेश टिकट प्राप्त कर सकेंगे। प्रवेश टिकट की ऑनलाइन बिक्री भी व्यवस्था की जाएगी।
संग्रहालय को देखने रोज लगभग 300 दर्शक आते हैं। इसमें समूह में बड़ी संख्या में छात्र भी शामिल रहते हैं। इसलिए गाइड लाइन के मानक अनुसार ही प्रवेश दिया जाएगा। दर्शकों के बीच छह फीट की दूर रहेगी। सभी लोगों को मास्क लगाना जरूरी रहेगा। दर्शकों का पूरा नाम, पता आदि प्रवेश द्वार पर दर्ज किया जाएगा। संक्रमण संदिग्ध दर्शक के लिए क्वारंटीन कक्ष की व्यवस्था रहेगी। संग्रहालय की ओर से दर्शकों को जागरूक किया जाएगा।