महिला जज की कलम छीनकर फाड़ दिया जजमेंट

प्रतापगढ़ की जिला अदालत में अधिवक्ता का कारनामा

सिविल जज के रीडर ने दी नगर कोतवाली में तहरीर

( अनुराग शुक्ला )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। प्रतापगढ़ की जिला अदालत में मुकदमे की सुनवाई के दौरान शुक्रवार को एक अधिवक्ता ने डायस पर चढ़कर महिला सिविल जज से उनकी कलम छीन ली और आदेश की कापी फाड़ दी। अदालत में मौजूद अधिवक्ता और वादकारी यह नजारा देख सन्न रह गए। कर्मचारियों ने आरोपित अधिवक्ता को पकडऩे की कोशिश की तो वह भाग निकला। देर रात नगर कोतवाली में आरोपित अधिवक्ता के खिलाफ तहरीर दी गई है।
सिविल जज वर्णिका शुक्ला के रीडर कमलेश कुमार सिंह ने नगर कोतवाली में शुक्रवार की देर शाम तहरीर दी। तहरीर में लिखा कि शुक्रवार को दोपहर बाद तीन बजकर 45 मिनट पर पीठासीन अधिकारी सुश्री वर्णिका शुक्ला न्यायालय में मुकदमों की सुनवाई कर रही थीं। वेद प्रकाश शुक्ल बनाम महा नारायण मिश्र की सुनवाई हो चुकी थी। इस वाद में अग्रिम तिथि नियत की जा चुकी थी। वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेन्द्र नारायण पांडेय के बेटे अधिवक्ता विजय कुमार पांडेय उक्त वाद की पैरवी कर रहे थे। तहरीर में आरोप लगाया कि वाद में स्थगन के बाबत एकाएक उग्र हो गए और न्यायालय कक्ष में चिल्लाते हुए अशिष्टता करने लगे। पीठासीन अधिकारी के लिए यहां तक कह दिया कि उन्हें कुछ आता-जाता नहीं। स्टे नहीं दे रही हो, पैसा ले लो। मैं एलएलएम टापर हूं।
पीठासीन अधिकारी द्वारा नाम पूछने पर आरोपित अधिवक्ता डॉयस पर चढ़ गए और पीठासीन अधिकारी की कलम छीन कर फेंक दिया और इस वाद की पत्रावली की आर्डर सीट को फाड़ कर अपने साथ लेकर भाग गए। उस दौरान न्यायालय कक्ष में आशुलिपिक ऋषभ साहू, वाद लिपिक चौतन्य कुमार बाजपेई, कार्यालय चपरासी बिन्दू त्रिपाठी एवं श्याम लाल सहित लगभग पंद्रह अधिवक्ता भी थे। सीओ नगर अभय कुमार पांडेय ने बताया कि महिला जज वर्णिका शुक्ला के रीडर की तहरीर पर न्यायिक कार्य में बाधा, अभद्रता सहित अन्य आरोप से संबंधित तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

Exit mobile version