शुरू होगा गंगा पर सिक्स लेन पुल का निर्माण

 

तेलियरगंज से फाफामऊ के बीच जाम से मिलेगा निजात

9.9 किमी लंबे पुल के लिए भूमि अधिग्रहण का काम तेज

( विनय कुमार मिश्रा )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। फाफामऊ में मलाक हरहर से स्टैनली रोड स्थित लाला लाजपत राय मार्ग तक गंगा नदी पर सिक्स लेन पुल का निर्माण जनवरी 2021 से शुरू हो जाएगा। तैयारी तेज हो गई है। पुल बनने से लखनऊ समेत कई जिले के लोगों के लिए राह आसान हो जाएगी।
प्रयागराज से लखनऊ या प्रतापगढ़ की ओर जाने के अभी तेलियरगंज से फाफामऊ के बीच गंगा नदी पर एक ब्रिज है। अक्सर यहां जाम लगता है। ऐसे में प्रदेश सरकार की पहल पर करीब डेढ़ वर्ष पहले गंगा नदी पर सिक्स लेन पुल की अनुमति मिली। इसके बाद राजमार्ग मंत्रालय ने पुल को ऐसी जगह से निकलने की तैयारी की, जहां से कई जनपद जुड़ते हों। अंतत: मलाक हरहर चौराहे को चुना गया। मलाक हरहर चौराहे से रायबरेली, लखनऊ, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अमेठी, फैजाबाद, अयोध्या समेत कई जनपदों के लिए जाया जा सकता है। पुल का एक सिरा मलाक हरहर में होगा तो दूसरा दूसरा सिरा स्टैनली रोड स्थित लाला लाजपत राय तिराहा पर होगा। यह दूरी 9.9 किलोमीटर होगी।
इस ब्रिज के बीचो-बीच डिवाइडर बनेंगे। सड़क के दोनों छोर पर दो प्लेटफार्म बनाए जाएंगे। एक साइकिल और दूसरा पैदल चलने वालों के लिए होगा। राजमार्ग मंत्रालय के अधिशासी अभियंता राजकिशोर सिंह ने बताया कि फाफामऊ क्षेत्र में गंगा नदी पुल पर सिक्स लेन पुल निर्माण की तैयारी तेजी से चल रही है। अधूरे कार्यों को पूरा किया जा रहा है। मानचित्र तैयार है। जनवरी से निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
प्रशासन की तरफ से जिनकी जमीनों को अधिग्रहीत किया गया है, उनको मुआवजा वितरित किया जा रहा है। अभी कुछ जमीनों का अधिग्रहण होना है, जिसके लिए वार्ता चल रही है। जल्द ही अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।

Exit mobile version