इविवि: एलएलबी में जागृति और मोनिका संयुक्त टॉपर

बीएएलएलबी व एलएलएम प्रवेश परीक्षा के परिणाम भी जारी

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) ने शनिवार देर शाम विधि पाठ्यक्रम के तहत एलएलबी, बीएएलएलबी और एलएलएम प्रवेश परीक्षा के परिणाम जारी कर दिए। प्रवेश परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी इविवि की आधिकारिक वेबसाइट पर अपने परिणाम देख सकते हैं। यह जानकारी प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रोफेसर प्रशांत अग्रवाल ने दी।
एलएलबी में बांदा के डीएम कॉलोनी में रहने वाली जागृति गुप्ता और चंदौली के वीडीए कॉलोनी की मोनिका सिंह ने सामान्य वर्ग में बराबर 230 अंक हासिल कर टॉप किया है। पंडित जवाहर लाल नेहरू विवि से स्नातक में 61.8 फीसद अंक हासिल करने वाली जागृति के पिता श्रीओम गुप्ता किसान हैं। जागृति ने बताया कि वह बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में दाखिला ले चुकी हैं। ऐसे में वह इविवि में प्रवेश नहीं लेंगीं। इसके अलावा बीएचयू से स्नातक की पढ़ाई करने वालीं मोनिका इविवि में ही दाखिला लेंगी। टॉप सिक्स में चार पर बेटियों ने जगह बनाई है।
बीएएलएलबी में मीरजापुर के जोपा निवासी शिवांशु यादव ने 222.6 अंक हासिल कर टॉप किया है। गोपीगंज स्थित सेंट थॉमस स्कूल से 12वीं की पढ़ाई करने वाले शिवांशु ने 94 फीसद अंक हासिल किए थे। उनके पिता संतोष कुमार यादव प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक हैं। हालांकि, इविवि में दाखिले को लेकर अभी वह असमंजस में हैं। ऐसा इसलिए कि बीएचयू में भी शिवांशु की अच्छी रैंक है। इसी तरह, एलएलएम में झांसी के साकिन निवासी नरेश प्रजापति ने 222.6 अंक हासिल कर टॉप किया है। बीएचयू से एलएलबी में 72 फीसद अंक हासिल करने वाले नरेश के पिता बृजमोहन प्रजापति किसान हैं।

Exit mobile version