
( विनय कुमार मिश्रा ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। ऑनलाइन जूता खरीदने वाले एक ग्राहक के घर एक पैर का जूता पहुंचा। इससे नाराज खरीदार ने साथियों के साथ मिलकर जूता पहुंचाने वाली कोरियर कंपनी के दफ्तर में घुसकर जमकर हंगामा किया। एजेंट को पकड़कर दफ्तर के अंदर पीटा। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीडि़त एजेंट ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट और लूट की एफआईआर कोतवाली में दर्ज करा दी।
पुलिस ने बताया कि पार्थ नाम के युवक ने ऑनलाइन शॉपिंग में जूता खरीदा था। जीरो रोड स्थित जैन मंदिर के बगल एक कोरियर कंपनी का दफ्तर है। वहां काम करने वाले मु_ीगंज के अभय प्रकाश ने पार्थ के घर जूता पहुंचाया था। पार्थ का आरोप था कि जूते की जोड़ी की जगह एक ही पैर का जूता डिब्बे में मिला। उसने जब कॉल किया तो अभय ने मदद नहीं की। कहा कि ऑफिस में आकर शिकायत दर्ज कराएं।
इससे नाराज पार्थ साथियों को लेकर शनिवार को कोरियर कंपनी के दफ्तर पहुंचा और वहां अभय को पकड़कर तीन-चार लड़कों ने जमकर पीटा।। अभय ने पार्थ, सुमित वर्मा, मोहित और मॉन्टू के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। दफ्तर में घुसकर मारपीट की सीसीटीवी फुटेज रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुई। कोतवाली पुलिस का कहना है कि जांच कर कार्रवाई की जा रही है।