लालगोपालगंज में मिला मिलावटी सरसों तेल का जखीरा
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम की कार्रवाई से हड़कंप
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। मिलावटी सरसों के तेल की बड़े पैमाने पर खरीद-फरोख्त की शिकायत पर खाद्य सुरक्षा विभाग अधिकारियों की गठित टीम ने कस्बे के एक गोदाम में छापेमारी की। अवैध तरीके से पैकिग एवं लेवलिग किए जाने के साथ ही परिसर में रख-रखाव और गंदगी पर टीम ने सख्त नाराजगी जाहिर की। लैब में जांच कराने के लिए तेल के चार नमूने संग्रहित किए गए। मुख्य बाजार में छापेमारी से कई दुकानें धड़ाधड़ बंद कर दी गईं।
लालगोपालगंज कस्बा के मुख्य बाजार में अवैध रूप से फल फूल रहे सरसों के मिलावटी तेल की शिकायत हुई थी। जिसकी जांच करने के लिए सहायक आयुक्त खाद्य जेपी मौर्य एवं अभिहित अधकारी ममता कुमारी के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की गठित टीम मंगलवार को शाम पांच बजे लालगोपालगंज पहुंच गई। मुख्य चौराहा से महज सौ मीटर की दूरी पर कालीजी मंदिर के समीप खाद्य सामग्रियों के कान्हा ट्रेडर्स थोक व्यापारी के गोदाम में सरसों के तेल की जांच के लिए छापेमारी की गई।
जांच टीम के अनुसार फ्रेश टीन के बजाय रीयूज टीन में अवैध तरीके से विभिन्न प्रकार के लेवल लगाकर सरसों के तेल का बड़े पैमाने पर कारोबार किया जा रहा था। गोदाम परिसर में गंदगी और रखरखाव के तरीके पर कारोबार की प्रणाली पर प्रश्न चिन्ह लगाया। गठित टीम ने सरसों के तेल का चार सैंपल संग्रहित कर लैब में जांच कराने के लिए लिया। टीम ने 25,416 लीटर सरसों के तेल के गोदाम को सील कर दिया। अधिकारियों ने जिसकी अनुमानित कीमत 28 लाख रुपये बताई है। जांच टीम में सहायक आयुक्त खाद्य जेपी मौर्या, अभिहित अधिकारी ममता कुमारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी जयदीप मौर्य, एरिया अधिकारी अभय प्रताप सिंह, देवेश, अंजू यादव, शालिनी सिंह और सेनेटरी सुपरवाइजर नफीस अहमद सिद्दीकी शामिल रहे।