दूर-दूर बसेंगे कैंप, आने व जाने के अगल-अलग रास्ते

शुरू किया गया सर्वे का काम, बनायी गयी 22 कर्मियों की टीम

माघ मेला 2021: बिछायी जा रही चकर्ड प्लेट, समतलीकरण तेज

( अनुराग शुक्ला )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। संगम तीरे अगले वर्ष जनवरी माह से लगने वाले माघ मेला को बसाने के लिए मेला प्रशासन ने सर्वे का कार्य शुरू कर दिया है। इसके लिए 22 कर्मियों की टीम लगा दी गई है। इसी के साथ ही अक्षयवट मार्ग पर चकर्ड प्लेट की सड़क बनाई जा रही है और समतलीकरण का काम भी तेजी से चल रहा है।
सर्वे के दौरान ही कोविड-19 की गाइड लाइन के अनुसार जमीन के आवंटन स्थिति स्पष्ट कर दी जाएगी। कैंप को दूर-दूर बसाने और आने व जाने के लिए अगल-अलग रास्ते बनाने का काम इसी दौरान होगा। इनके सर्वे के बाद बिजली विभाग की टीम विद्युतीकरण काम शुरू कर दी। इसके अलावा हर कैंप तक पानी पहुंचाने के लिए जल निगम की टीम पाइप लाइन बिछाएगी। हर सेक्टर में कोरोना का अस्पताल बनाया जाएगा, उसके लिए जगह सर्वे में ही निकाल दी जाएगी।
मेले का आयोजन व्यवस्थित ढंग से कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठक ली थी। उनके निर्देशों के बाद तैयारी तेज कर दी गई है। बुधवार से मेला प्रशासन ने 15 लेखपाल, चार राजस्व निरीक्षण, एक कानूनगो और दो नायब तहसीलदारों को लगाकर सर्वे शुरू करा दिया है। यह टीम सर्वे करके बताएगी कि कहां से सड़क निकालना है, पार्किंग कहां बनानी है, पांटून पुल के लिए रास्ता किधर से जाएगा, संतों का टेंट किधर लगाना है और कल्पवासियों को किधर बसाना है, किन रास्तों को वन वे किया जाएगा और किनको टू लेन।
चूंकि दीपावली बाद बाद छठ और देव दीपावली है। इस आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को पूजा के लिए संगम तट तक जाने में परेशानी न हो इसलिए अक्षयवट मार्ग पर चकर्ड प्लेट की सड़क बनाई जा रही है। झूंसी की तरफ पुल भी बनाया जाएगा। उसका भी काम शुरू हो गया है। मेला अधिकारी विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि मेला बसाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अभी सर्वे शुरू हुआ है, जल्द ही अन्य कार्य शुरू हो जाएंगे।

इनसेट…

उमरे ने भी कसी कमर

प्रयागराज। प्रयागराज, आगरा एवं झांसी के डीआरएम और अपने प्रमुख विभागाध्यक्षों के साथ हुई साप्ताहिक बैठक के दौरान उत्तर मध्य रेलवे (उमरे) के महाप्रबंधक राजीव चौधरी ने डीआरएम प्रयागराज और मुख्यालय के अधिकारियों को माघ मेला 2021 के लिए विस्तृत तैयारी शुरू करने के निर्देश दिये। निर्देशित किया कि आगामी माघ मेला के दौरान तीर्थयात्रियों की सुरक्षित और कुशल हैंडलिंग से संबंधित तैयारियों के संबंध में आगामी एक सप्ताह के अंदर विशेष बैठक का आयोजन किया जाना चाहिए। ज्ञात हो कि, अगले साल जनवरी से मार्च 2021 के दौरान माघ मेला आयोजित होगा और तीर्थयात्रियों के सुरक्षित और कुशल परिवहन में रेलवे को राष्ट्रीय ट्रांसपोर्टर के रूप में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। माघ मेला के लिए नियमित तैयारियों के साथ ही, इस वर्ष उत्तर मध्य रेलवे की तैयारियों में कोविड -19 दिशानिर्देशों के अनुरूप यात्रियों की सुरक्षित हैंडलिंग की जानी होगी।

Exit mobile version