
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। धनतेरस के अवसर पर गुरुवार को ग्राहकों की भीड़ आटोमोबाइल, ज्वेलरी, इलेक्ट्रानिक्स, फर्नीचर, कपड़ों के शोरूमों में पहले पाने की मानों होड़ मची रही। बर्तन, मिठाई, झालर, सजावटी सामान, पटाखे, लाई-लावा, खिलौने, मूर्तियां खरीदने के लिए दोपहर बाद लोग उमड़े तो यातायात व्यवस्था भी चरमरा गई। अनुभवी व्यापारियों ने करीब एक हजार करोड़ रुपये के कारोबार होने का अनुमान लगाया है। धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर ग्राहकों को लुभाने के लिए कंपनियों ने आफर की बौछार की हैं।
जिसका असर धनतेरस पर दिखाई दिया। चौक, घंटाघर, जानसेनगंज, शाहगंज, ठठेरी बाजार, कोठापारचा, जीरो रोड, नूरुल्ला रोड, सिविल लाइंस, कटरा, मुंडेरा, कालिंदीपुरम, सुलेमसराय, बैरहना, राजरूपपुर, राजापुर, तेलियरगंज, गोविंदपुर, अल्लापुर, मीरापुर, बलुआघाट समेत शहर के बाजार में खूब ग्राहक उमड़े। महिलाओं का ज्यादा जोर ज्वेलरी, बर्तन, सजावटी सामानों, फ्रिज, वाशिंग मशीन, होम अप्लांयसेज पर, युवाओं का ज्यादा रुझान बाइक, स्कूटी, ग्रीन पटाखे, कपड़े खरीदने पर रहा। गाड़ियां खरीदने के लिए सिविल लाइंस के एसपी मार्ग, पत्रिका मार्ग, लीडर रोड, कानपुर रोड, राजापुर क्षेत्रों के शोरूमों में लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। जिन लोगों ने फ्लैट बुक कराए थे और जमीन खरीदी थी। उन लोगों ने उसकी रजिस्ट्री भी कराई।