प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। डायोसिस ऑफ इलाहाबाद के बिशप डॉ. राफी मंजली को आर्च बिशप की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। पोप फ्रांसिस ने उनकी नियुक्ति की है। वह डायोसिस ऑफ आगरा के तहत काम करेंगे। मुख्यालय आगरा में है। आर्च बिशप के रूप में डॉ. राफी प्रदेशभर के 14 बिशप के मुखिया होंगे। इससे पहले एल्बर्ट डिसूजा आर्च बिशप थे। उनके सेवानिवृत्त होने पर डॉ. राफी को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। डॉ. राफी आर्च बिशप बनने वाले डायोसिस ऑफ इलाहाबाद के पहले बिशप हैं। 07 फरवरी 1958 को केरल के वेंदोर गांव में जन्मे डॉ. राफी शुरुआती शिक्षा केरल में ग्रहण करने के बाद उत्तर प्रदेश आ गए। स्नातक व स्नातकोत्तर की उपाधि आगरा विश्वविद्यालय से प्राप्त की। एंजेलिकम यूनिवर्सिटी ऑफ रोम, इटली से डॉक्टरेट की डिग्री प्राप्त की। 1973 में फादर बनने का प्रशिक्षण आगरा स्थित सेंट लॉरेंस माइनर सेमिनरी में प्राप्त किया। फिर सेंट जोसेफ के क्षेत्रीय सेमिनरी, प्रयागराज आ गए। डॉ. राफी के आर्च बिशप बनने पर कैथलिक मसीहियों ने खुशी मनाई।