एक्सिस बैंक के मैनेजर की कस्टडी रिमांड मंजूर

 

प्रवर्तन निदेशालय की अर्जी पर कोर्ट ने दिया आदेश

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। प्रवर्तन निदेशालय की अर्जी पर कोर्ट ने एक्सिस बैंक घोटाले के आरोपी का 6 दिन का कस्टडी रिमांड मंजूर कर लिया। ईडी शुक्रवार से अगले 6 दिन तक पूर्व मैनेजर कमाल एहसन को कस्टडी में लेकर पूछताछ करेगा। गौरतलब है कि एक्सिस बैंक घोटाले के आरोपी कमाल एहसन पर आरोप था कि वह जांच में ईडी का सहयोग नहीं कर रहा था। उसने करोड़ों रुपये का गबन किया। रुपयों को कहां निवेश किया, इसकी जानकारी करने के लिए ईडी ने आरोपी को कस्टडी रिमांड पर लिया है। अब तक उसकी निशानदेही पर लगभग ढाई करोड़ की संपत्ति ईडी कुर्क कर चुका है।
एक्सिस बैंक में 22 करोड़ 33 लाख घोटाले के आरोप में पूर्व बैंक मैनेजर करेली निवासी कमाल एहसन को सिविल लाइंस पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वह जमानत पर रिहा है। इस प्रकरण में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लांड्रिंग का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। कमाल एहसन और शुआट्स के कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ईडी चार करोड़ 58 लाख की संपत्ति जब्त कर चुका है। आरोपी कमाल एहसन के जांच में सहयोग न करने पर बीते सोमवार को ईडी ने उसे गिरफ्तार किया था। ईडी उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करना चाह रहा था लेकिन कोर्ट ने पहले उसे जेल भेज दिया। गुरुवार को रिमांड मिल गया।

Exit mobile version