जख्मी हिरण को ग्रामीणों ने बचाया ऐसे

कुत्तों के हमले में हुआ घायल, इलाज के बाद जंगल में छोड़ा

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। जंगल से भटक कर एक हिरण आनापुर के एक गांव में पहुंच गया था। जहां कुत्तों ने हिरण को घेर कर उस पर हमला बोल दिया। जिसकी भनक ग्रामीणों को लगते ही कुत्तों के चंगुल से हिरण को बचा लिया। हालांकि हिरण जख्मी हो गया था।
आनापुर के चोवा का पुरवा गांव में शुक्रवार को देर शाम कहीं से एक हिरण पहुंच गया था। जिस पर कुत्तों की नजर पड़ते ही उसकी घेराबंदी कर हमला कर दिया। कुत्तों के हमला करने की आवाज और उनका झुंड देख ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। जहां कुत्तों के बीच बेदम एक हिरण जमीन पर पड़ा था। हिरण को बचाने के लिए राधेश्याम शुक्ला, शिव कुमार शुक्ला, पप्पू शुक्ला, ननका मिस्त्री और रामू शुक्ला लाठी-डंडा लेकर हिरण को बचाने के लिए कुत्तों को दौड़ा लिया। जिससे किसी तरह हिरण की जान तो बच गई, परंतु वह जख्मी हो गया।
घटना की सूचना वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग के दारोगा कृष्ण कुमार तिवारी अपने कुछ साथियों के साथ गांव पहुंचकर हिरण को अपने कब्जे में ले लिया। वन विभाग ही अब हिरन का इलाज कराएगा। ग्रामीणों ने हिरण पर कुत्तों के हमला किए जाने का दूसरा मामला बताया है। इससे पहले भी एक हिरण पर कुत्तों ने हमला बोला था। तब भी ग्रामीणों ने बचाया था। यही नहीं पशु चिकित्सक से घायल हिरण का गांव के लोगों ने इलाज भी कराया था, जिसके बाद वन विभाग को हिरण सौंप दिया गया था।

Exit mobile version