मोबाइल रहा स्विच ऑफ , नहीं उठा लैंडलाइन

 

 

दिवाली पर निर्बाध बिजली आपूर्ति का दावा फेल

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। दीपावली पर उपभोक्ताओं को बिजली संकट का सामना न करना पड़े, इसके लिए तमाम कवायद की गई थी। सभी उपखंड के अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए थे। साथ ही कंट्रोल रूप को भी सचेत किया गया था, लेकिन इस पूरी कवायद में अधिकारी पास हो गए पर कंट्रोल रूम फेल हो गया। कंट्रोल रूम का मोबाइल नंबर शाम चार बजे के बाद से स्विच ऑफ रहा, जबकि पीएनटी नंबर तो उठा ही नहीं।
दीपावाली पर बिजली आपूर्ति कहीं भी गुल होने पर उसकी तत्काल सूचना देने के लिए मुख्य अभियंता ओपी यादव ने कंट्रोल रूम में तगड़ी व्यवस्था की थी। पीएनटी नंबर तो पहले से ही था, इसके साथ एक मोबाइल नंबर भी जारी किया गया था। इस पर 24 घंटे की सेवा देने की बात कही गई थी। कंट्रोल रूम में तीन शिफ्ट में तैनात कर्मचारियों को भी सूचनाओं को लेकर सतर्क रहने की हिदायत दी गई थी।
शनिवार शाम चार बजे के बाद चेक किया गया तो कंट्रोल रूम का मोबाइल नंबर स्विच बंद मिला। यह नंबर रात तक नहीं खुला। यही हाल लैंडलाइन नंबर का भी रहा। शाम चार बजे के बाद इसे रिसीव नहीं किया गया, सिर्फ इस पर घंटी ही बजती रही। उधर, उपकेंद्रों पर सभी उपखंड अधिकारी मौजूद रहे। त्योहार के मद्देनजर कर्मचारियों की शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई थी। सभी उपकेंद्रों में तीन कर्मचारियों की टीम अपने-अपने क्षेत्र में कांबिग कर रही थी। वहीं बिजली विभाग के मुख्य अभियंता ओपी यादव ने कहा कि त्योहार पर उपभोक्ताओं को बिजली संकट का सामना न करना पड़े, इसके लिए कंट्रोल रूम के कर्मचारियों को निर्देशित किया गया था। बावजूद इसके लापरवाही बरती जा रही है। ऐसे लापरवाह कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

Exit mobile version