प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। नगर निगम के सीमा विस्तार के बाद अब तीन नए जोन का गठन किया गया है। गठन के बाद अब नगर निगम में कुल आठ जोन हो गए हैं। नगर पंचायत झूंसी और 206 ग्राम सभाओं को मिलरकर तीन नए जोन का गठन किया गया है। साथ ही विभिन्न जोन में शामिल कुछ मोहल्लों में भी फेरबदल किया गया है। एक नंबर जोन वाले कुछ मोहल्ले अब दो नंबर में कर दिए गए हैं। नए जोन में साफ -सफाई, सड़क निर्माण, बिजली समेत विकास कार्य अब नगर निगम को कराने हैं। कुछ मोहल्लों में सफाई का काम शुरू भी करा दिया गया है। हालांकि ग्राम पंचायतों का कार्यकाल खत्म होने के बाद ही नगर निगम यहां कोई नया काम शुरू करेगा।
नगर निगम में अब तक पांच जोन थे। हर जोन में एक जोनल अधिकारी की तैनाती हैं जो जोन के तहत आने वाले वार्डों की साफ सफाई से लेकर अन्य कामों की निगरानी करते हैं। आठ नंबर जोन में झूंसी को शामिल किया गया है। इसमें कटका, मलावा,अंदावा, हवेलिया, कनिहार वार्ड का गठन किया गया है। फाफामऊ, बमरौली के हिस्सों को भी छह और सात नंबर में जोन में शामिल किया गया है। नगर निगम में पहले 80 वार्ड थे जिसे बढ़ाकर अब सौ कर दिया गया है। ग्राम पंचायतों का कार्यकाल खत्म होने के बाद यहां अब पार्षदों का चुनाव कराया जाएगा। साथ ही नगर निगम में शामिल होने के बाद लोगों को अब गृहकर, जलकर और सीवर कर भी देना होगा। हालांकि ये सभी कर सुविधाएं विकसित करने के बाद लिए जाएंगे। नगर आयुक्त रवि रंजन का कहना है कि सीमा विस्तार के बाद नगर निगम में शामिल ग्राम सभाओं का विकास कार्य नगर कराएगा।