
आरएसएस के पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र की बैठक में होंगे शामिल
( अनुराग शुक्ला )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) की राष्ट्रीय कार्यकारी मंडल (पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र) की प्रयागराज में दो दिनी बैठक में शामिल होने के लिए शनिवार की रात आरएसएस के सर संघ चालक मोहन भागवत प्रयागराज पहुंच गए। नई दिल्ली डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस स्पेशल से वह रात 11:05 बजे प्रयागराज जंक्शन पर पहुंचे। इसके अलावा, सर कार्यवाह सुरेश भैया जी जोशी व सह सर कार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल भी आ चुके हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ भी रविवार शाम हेलीकाप्टर से सीधे गौहनिया पहुंचेंगे।
गौहनिया में होने वाली दो दिवसीय बैठक में शामिल होने के लिए अन्य पदाधिकारी आ रहे हैं। ये सभी भी रविवार दिन में प्रयागराज पहुंच जाएंगे। इसके पहले लखनऊ में हुए आयोजन में भी संघ प्रमुख से मिलने मुख्यमंत्री योगी पहुंचे थे। 2019 में आयोजित शाखा कुंभ में भी जब संघ प्रमुख आये थे तो मुख्यमंत्री भी उनसे मिलने आए थे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का प्रोटोकॉल शनिवार शाम को प्रशासन को मिल गया।
सर संघ चालक के आने का प्रोटोकॉल स्थानीय प्रशासन को पहले ही मिल चुका था लेकिन सुरक्षा कारणों से गोपनीयता बरती जा रही थी। संघ प्रमुख 23 नवंबर की दोपहर तक प्रयागराज में रहेंगे। सूत्रों के अनुसार कुल आठ सत्र में दो दिनी बैठक हो सकती है। पहले दिन पांच सत्र व दूसरे दिन 3 सत्र हो सकते हैं। आखिरी सत्र में ही संघ प्रमुख का मुख्य संदेश जारी होगा। उससे पहले पदाधिकारियों के कार्यों की समीक्षा के साथ ही उन्हें नए लक्ष्य दिए जायेंगे।