पार्किंग में खड़ी कार में आग से हड़कंप अग्निशमन व्यवस्था में लापरवाही हुई उजागर

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। सिविल लाइंस में सुभाष चौराहा के निकट रविवार शाम मल्टी लेवल पार्किंग के बेसमेंट में खड़ी एक कार में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग बढ़ती गई। आग का गोला बनी कार से लोग दूर खड़े हो गए। दमकल दस्ते ने आकर आग बुझाई। मल्टी लेवल पार्किंग में बड़ी संख्या में दो तथा चार पहिया गाडिय़ां खड़ी थीं। उन तक आग पहुंचने का खतरा था। ऐसे में बड़ा हादसा होने का खतरा बना था। इस खतरे की वजह से कर्मचारी और बाकी लोग भी दूर खड़े हो गए। आग बुझाने का प्रयास किया गया तो पता चला कि पार्किंग में स्थापित अग्निशमन सिस्टम काम ही नहीं कर रहा। ऐसे में दमकल दस्ते को खबर दी गई। इस बीच वहां पुलिस भी पहुंच गई थी। दमकल दस्ते के आकर आग पर काबू पाने तक में कार नष्ट हो चुकी थी।
कार तो जली मगर गनीमत रही कि आग फैली नहीं वरना दूसरी गाडिय़ों के चपेट में आने पर बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। इस अग्निकांड से पार्किंग में अग्निशमन व्यवस्था में लापरवाही भी उजागर हो गई। आग लगने की वजह कार के इंजन में शार्ट सर्किट से फ्यूल टैंक चिंगारी पहुंचना माना जा रहा है। दमकल दस्ता जांच कर रहा है कि आग लगी कैसे। वैसे इसके पहले भी कई बार चलती कारों में आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं।

Exit mobile version