जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के मामले में नया मोड़
आबकारी विभाग की जांच रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं पुलिस
( अनुराग शुक्ला )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। फूलपुर इलाके में जहरीली शराब पीनेे से सात लोगों की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। अब पुलिस उस सरकारी दुकान से देसी शराब का सैंपल लेकर जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजेगी, जिसके पीने से मौत की बात कही गई है। ताकि यह साफ हो सके कि शराब जहरीली थी या नहीं। पुलिस इस संबंध में जिलाधिकारी को एक रिपोर्ट भेजने की तैयारी कर रही है, ताकि सील की गई दुकान को खोलकर उसमें से सैंपल लिया जा सके।
पुलिस का कहना है कि घटना के बाद मौके पर पहुंची आबकारी की टीम ने अमिलिया गांव स्थित संगीता जायसवाल की दुकान से शराब का सैंपल लिया। इसके बाद उसे आबकारी विभाग में ही जांच के लिए भेजा गया। जांच रिपोर्ट से पता चला है कि विंडीज लाइम और धमाका ब्रांड की देसी शराब दुकान में मिथाइल नहीं पाया गया है। यानी शराब जहरीली नहीं थी। आबकारी विभाग के इस दावे पर पुलिस पूरी तरह संतुष्ट नहीं है।
पुलिस का दावा है कि जहरीली शराब से हताहत लोगों और ग्रामीणों से पूछताछ में पता चला है कि अमिलिया गांव के अलावा वरुणा गांव स्थित दुकान से भी देसी शराब खरीदकर कुछ लोगों ने सेवन किया था। इसके बाद ही कई लोगों की हालत बिगड़ी। इसी आधार पर पुलिस अब दुकानों से शराब का सैंपल लेकर जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला लखनऊ भेजने की तैयारी कर रही है। इंस्पेक्टर फूलपुर राजकिशोर का कहना कि जिलाधिकारी को इस संबंध में पत्र भेजा जा रहा है। ताकि दुकान को खोलकर उसमें से सैंपल लिया जा सके। उधर, प्रयागराज मंडल के डिप्टी कमिश्नर आबकारी दिनेश कुमार सिह का कहना है कि विभाग के प्रयोगशाला की जांच विश्वसनीय होती है।