सीएमपी के गर्ल्स हॉस्टल की पड़ी नींव

अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त दो मंजिला होगा छात्रावास

अंग्रेजी माध्यम पब्लिक स्कूल का भी कराया जाएगा निर्माण

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कायस्थ पाठशाला (केपी ट्रस्ट) द्वारा दो मंजिला गल्र्स हॉस्टल के निर्माण की नींव सोमवार को डाली गई। सीएमपी लॉ फैकेल्टी के सामने हॉस्टल निर्माण के लिए ट्रस्ट के अध्यक्ष चौधरी जितेंद्रनाथ सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन और शिलापट का लोकार्पण किया। तकरीबन तीन हजार स्क्वायर मीटर क्षेत्रफल में प्रथम चरण में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त दो मंजिला गल्र्स हॉस्टल का निर्माण होगा। इसमें 50 कमरों में 100 छात्राओं के रहने की व्यवस्था होगी। इसके निर्माण में दो से तीन करोड़ रुपये का खर्च आने की संभावना है।
ट्रस्ट के अध्यक्ष ने उपस्थित लोगों से कहा कि उन्होंने इसके लिए वादा किया था, जिसे आज पूरा कर दिया है। लड़कों के लिए चौधरी नौनिहाल सिंह ब्वॉयज हॉस्टल है लेकिन लड़कियों के लिए गल्र्स हॉस्टल नहीं था। कहा कि सीएमपी गल्र्स, केपी बीएड, सीएमपी लॉ फैकेल्टी खासकर पांच वर्षीय पाठ्यक्रम में बाहर से पढ़ऩे के लिए आने वाली लड़कियों के लिए इस हॉस्टल का निर्माण होगा।
चौधरी जितेंद्रनाथ सिंह ने कायस्थ पाठशाला के 150 वर्ष पूरे होने पर गल्र्स हॉस्टल को उपहार के तौर पर ट्रस्ट को देने की इच्छा जताई। कहा कि कायस्थ पाठशाला में ही अंग्रेजी माध्यम पब्लिक स्कूल का भी निर्माण कराया जाएगा। इसके पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत मुंशी काली प्रसाद के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री एसडी कौटिल्य ने किया। इस मौके पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष चौधरी राघवेंद्रनाथ सिंह, महामंत्री सुनील दत्त कौटिल्य, मेंबर इंचार्ज रवि श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष वित्त गिरीश चंद्र श्रीवास्तव, केसी श्रीवास्तव, नवीन सिन्हा, अनिल श्रीवास्तव, कुलदीप नारायण श्रीवास्तव, अखिलेश श्रीवास्तव, आर्किटेक्ट इंजीनियर उमेश श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।

Exit mobile version