प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। 69000 सहायक अध्यापक भर्ती के दूसरे चरण में तीन अभ्यर्थियों को प्रयागराज जिला आवंटित हुआ है। बीएसए संजय कुमार कुशवाहा ने बताया कि चयनित अभ्यर्थी 2 से 4 दिसंबर के बीच किसी भी दिन जगराम चौराहे के पास बीएसए कार्यालय में काउंसिलिंग के लिए रिपोर्ट कर सकते हैं। जिले में रिक्त कुल 990 पदों के सापेक्ष पहले चरण में 979 अभ्यर्थियों का आवंटन हुआ था। दूसरे चरण में 11 में से 8 पद एसटी के अभ्यर्थी नहीं मिलने के कारण रिक्त रह गए। पहले चरण में 830 अभ्यर्थी ही अंतिम रूप से नियुक्ति पत्र पाने में सफल रहे थे। 149 अभ्यर्थियों में से कुछ ने रिपोर्ट नहीं किया जबकि कुछ अन्य के दस्तावेजों की कमी के कारण नियुक्ति पत्र नहीं दिया गया।