
कार रोककर नकाबपोशों ने घटना को दिया अंजाम
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। बरात से लौट रहीं महिलाओं की कार रोक कर नकाबपोश बदमाशों ने तमंचे के बल पर आभूषण और नकदी लूट लिया। विरोध करने पर कार के चालक की पिटाई भी कर दी। मेजा के बकचुंदा गांव निवासी कोटेदार अमरनाथ पांडेय के बेटे अमित कुमार पांडेय की मंगलवार को शादी थी। बरात कोरांव के बहियारी गांव गई थी।
जयमाल आदि के बाद अमरनाथ पांडेय की चार विवाहित बेटियां कार से घर के लिए रवाना हुई। रात के तकरीबन एक बजे वह लोग पांच सौ मीटर दूरी ही पहुंची थी कि एक युवक ने अपनी बाइक उनकी कार के सामने गिरा दिया। बाइक गिरने से जैसे ही कार रुकी वैसे ही स्विफ्ट डिजायर कार सवार नकाबपोश बदमाशों ने कार से उतर कर उनकी कार को घेर लिया। चालक ने जब गाड़ी के दरवाजे को लाक कर लिया तो बदमाशों ने तमंचे की बट से कार का शीशा तोड़ दिया। दरवाजा खुलते ही बदमाशों ने महिलाओं की कनपटी पर तमंचा सटा कर उनके गहनों को छीन लिया।
बुधवार सुबह घटना की जानकारी होने पर मेजा पुलिस ने मामले को लेकर छानबीन शुरू किया। पुलिस के मुताबिक अमरनाथ पांडेय लूटे गए गहनों की सही सही जानकारी नही दे सके। लाख रुपये से ज्यादा के ही सोने के गहने लूटे गए। एसएसपी प्रयागराज सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी ने घटना स्थल का दौरा किया। साथ ही घटना के लुटेरों को पकडऩे के लिए क्राइम ब्रांच व पुलिस की टीम गठित किया।