भाजपा सरकार मे अपराध करने वाले अपराधी मस्त- नरेन्द्र सिंह

मेजा,प्रयागराज( अनुराग दर्शन समाचार )। भाजपा सरकार मे अपराधी मस्त हैं, कानून व्यवस्था ध्वस्त है। उक्त बातें सपा के पूर्व प्रदेश सचिव नरेन्द्र सिंह ने जारी अपने बयान मे कहा। उन्होंने कहा कि सप्ताह भर के भीतर मेजा क्षेत्र मे कई संगीन वारदातें हो चुकी हैं, लेकिन एक भी मामले का खुलासा नही हो सका। लगता है भाजपा सरकार मे अपराध करने वाले अपराधी मस्त हैं। नरेन्द्र सिंह ने कहा कि देश की रीढ़ कहे जाने वाले किसानों पर पुलिस लाठियां बरसा रही है, तो दूसरी ओर अपराधियों को अपराध करने की पूरी छूट मिली हुई है। जिस देश का अन्नदाता दूसरे को भोजन उपलब्ध कराकर देश की ताकत और सम्मान बढ़ा रहा है लेकिन आज वही अन्नदाता सरकारी दुर्भावना का शिकार बना हुआ है। सपा नेता ने शासन तथा प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मेजा मे अपराध का ग्राफ कम न हुआ तो सपा कार्यकर्ता सड़क पर उतर कर आन्दोलन को बाध्य हो जाएगें। सपा नेता के साथ नरेन्द्र नाथ मिश्र, भोला पाल, हिमांशु कुमार सिंह, शिव बाबा निषाद, अशर्फी पाल, अरविंद यादव, पारस निषाद, हरिशंकर पाल ने भी बढ़ते अपराधों पर चिन्ता जताई।

Exit mobile version