कोरांव थाने का औचक निरीक्षण
कोरांव,प्रयागराज(अनुराग दर्शन समाचार )। जमुना पार के नवागंतुक एसपी सौरभ दीक्षित ने शनिवार को कोरॉव थाने का औचक मुआयना किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ सफाई के साथ-साथ अभिलेखों का भी गहनता के साथ निरीक्षण किया ।लंबित विवेचना को शीघ्र निस्तारित करने का निर्देश देने के साथ ही अन्य जरूरी निर्देश विभागीय कर्मियों को दिए ।समाचार पत्र प्रतिनिधियों से वार्ता करते हुए एसपी ने बताया कि पीड़ित लोगों की समस्याओं का समाधान हमारी पहली प्राथमिकता होगी ।क्षेत्र में किसी भी तरह से अवैध कार्यों को संचालित नहीं होने दिया जाएगा। अगर किसी अवैध कार्य में पुलिस की संलिप्तता की भी शिकायत मिलती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी ।इसके साथ-साथ एसपी ने कहा कि पुलिस और आम जनता के बीच सामंजस्य बनाकर ही समाज में बढ़ रही बुराइयों को खत्म किया जा सकता है। इसके लिए टीम के साथ काम किया जाएगा ।क्षेत्र में बढ़ते अपराधों के सवाल पर दीक्षित ने कहा कि अपराध होने के बाद मामले का वर्कआउट करने में पुलिस पूरी ईमानदारी से काम करेगी परिस्थितियां कभी कभी इस तरह की होती हैं किसी भी घटना के खुलासे में कुछ समय लग जाता है जिसमें आम जनता को पुलिस का सहयोग करना चाहिए । मूलतः गोरखपुर के रहने वाले 2017 बैच के आईपीएस अफसर सौरभ दीक्षित इसके पूर्व आगरा जिले में एएसपी के पद पर तैनात थे जिन्हें एसपी जमुनापार के रूप में तैनाती मिली है।