
लूट का मोबाइल बरामद, दोस्त की निकली बाइक
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। सिविल लाइंस पुलिस ने एक ऐसे बदमाश को गिरफ्तार किया है जो किसी न किसी बहाने से अपने दोस्तों की बाइक लेकर लूट, छिनैती की घटनाओं को अंजाम देता था। हाईकोर्ट के समीप से पुलिस ने शुक्रवार सुबह बाइक सवार युवक को पकड़ा। उससे पूछताछ शुरू हुई तो वह तरह-तरह के बहाने करने लगा। इंस्पेक्टर रविंद्र प्रताप सिंह को संदेह हुआ तो उसे थाने ले आए। यहां उसके पास से मोबाइल मिला। पुलिस ने मोबाइल के बारे में सख्ती से पूछा तो उसने बताया कि वह छिनैती का है। बाइक के बारे में बताया कि वह उसके एक दोस्त की है।
वह किसी न किसी बहाने से अपने दोस्तों की बाइक ले लेता था और लूट व छिनैती की घटनाएं करता था। इससे जो रुपये मिलते थे, उससे वह अपना खर्च चलाता था। इंस्पेक्टर ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश सुजीत उर्फ पांडेय भारतीया निवासी नई बाजार सुलेमसराय थाना धूमनगंज है। उसने अब तक कहां-कहां लूट और छिनैती की वारदातों को अंजाम दिया है, इस बारे में वह लगातार गोलमोल जवाब देता रहा। उसके बारे में धूमनगंज, कैंट, खुल्दाबाद समेत अन्य थानों में पता लगाया गया, लेकिन कहीं भी उसके खिलाफ कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं है।