सीडीपीओ कार्यालय के लिए जमीन चिन्हित करने का मामला
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। किराये के भवनों में संचालित संचालित सीडीपीओ कार्यालय के लिए भवन निर्माण जल्द कराया जाएगा। इसके लिए शासन ने जिले में जमीन चिन्हित कर प्रस्ताव मांगा है। जिन सीडीपीओ की ओर से प्रस्ताव नहीं मिले हैं, उन्हें इस लेटलतीफी पर नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
दरअसल, विकास खंडों में 13 सीडीपीओ कार्यालय किराये के भवन में संचालित हैं। अब इनका कार्यालय अपने भवन में संचालित कराए जाने की योजना है। इसके लिए जिला प्रशासन ने सभी सीडीपीओ को संबंधित एसडीएम से संपर्क कर जमीन चिह्नित कराने के बाद रिपोर्ट मांगी है। ताकि प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जा सके। अभी तक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं किराये के भवन में कामकाज देखती हैं और पोषाहार भी रखा जाता है। किराये के भवन में जगह के अभाव में परेशानी होती है। पोषाहार के भी अस्त व्यस्त रखे होने से सामग्री की खराबी होती है।
110 वर्गमीटर कारपेट एरिया निश्शुल्क भूमि उपलब्ध कराने के लिए संबंधित एसडीएम जमीन तलाश कर प्रस्ताव बनाकर मुख्य राजस्व अधिकारी (सीआरओ) को भेजेंगे और सीआरओ सत्यापन कर डीएम को सूची उपलब्ध कराएंगे। जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार राव ने बताया कि सीडीपीओ भवन के लिए कोरांव, होलागढ़, मऊआइमा, सोरांव, कौंधियारा, चाका, करछना व हंडिया से प्रस्ताव प्राप्त हुआ है। उन्होंने जसरा, उरुवा, शहर प्रथम, शहर द्वितीय, बहादुरपुर व सैदाबाद में संबंधित सीडीपीओ को नोटिस दिया है। इसमें तत्काल जमीन चिंहित कर रिपोर्ट भेजने को कहा गया है। बताया जा रहा है कि नए भवन में 500 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं के बैठने की व्यवस्था और पोषाहार रखने की पर्याप्त जगह होगी। जमीनें सभी जगह चिंहित हो जाने पर शासन से बजट की मांग होगी।