बेच दी घोटाले की रकम से खरीदी कार

दस्तावेजों की छानबीन में जुटे ईडी अधिकारियों को मिली जानकारीए, क्सिस बैंक में शुआट्स के खाते से 23 करोड़ का घोटाले का मामला

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। एक्सिस बैंक घोटाले के मुख्य आरोपित पूर्व बैंक मैनेजर कमाल एहसान ने घोटाले की रकम से खरीदी गई कार को बेच दिया है। दस्तावेजों की छानबीन में जुटे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को यह जानकारी मिली है। अब ईडी उन लोगों के बारे में पता लगा रही है, जिन्होंने कमाल से महंगी लग्जरी कार खरीदी है। साथ ही पूर्व बैंक मैनेजर के बयान के आधार पर शुआट्स के कई अधिकारियों के खिलाफ भी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
ईडी के कुछ अधिकारियों का दावा है कि पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर जब पूर्व बैंक मैनेजर से पूछताछ की गई थी, तब उसने बताया था कि घोटाले की रकम से ही अपने व अपने परिवार के कुछ सदस्यों के नाम पर लग्जरी कार खरीदी थी। करोड़ों रुपये गबन की जब जांच शुरू हुई तो उसने फंसने के डर से पहले अपनी कार को बेचा और दूसरी कार को भी लाखों रुपये में बेच दिया।
ईडी के अधिकारियों ने आरटीओ दफ्तर से कमाल समेत अन्य के नाम पंजीकृत वाहनों की जानकारी खंगाली तो बात सही मिली। अधिकारियों का यह भी कहना है कि कार के खरीददार बताए जा रहे लोगों से पूछताछ की जाएगी, ताकि सच्चाई का पता चल सके। कमाल ने अपने बयान में शुआट्स के चार्टेड एकाउंटेंट राजेश के अलावा भी कई लोगों के नाम लिए हैं, जिन पर धोखाधड़ी में शामिल होने का आरोप है। इस आधार पर ईडी उनके खिलाफ भी साक्ष्य जुटा रही है।
तीन साल पहले एक्सिस बैंक में सैम हिग्गिनबॉटम युनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर टेक्नोलॉजी एंड साइंस (शुआट्स) के खाते से करीब 23 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ था। मनी लांड्रिग का केस दर्ज करने के बाद ईडी ने विवेचना शुरू की और कई संपत्ति को अटैच करने के बाद बीते माह मुख्य आरोपित कमाल को गिरफ्तार किया गया था।

Exit mobile version