इविवि: नवनियुक्त कुलपति के निर्देश पर दो अहम पदों पर बदलाव
डॉ. जया कपूर बनीं पीआरओ, प्रो. मोना खरे आईपीएस की निदेशक
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) से जुड़ी जानकारियां अब आधिकारिक वेबसाइट के साथ फेसबुक और ट्विटर पर भी साझा की जाएंगी। इन गतिविधियों को भी छात्र-छात्राएं फेसबुक और ट्विटर के जरिए जान सकेंगे। इससे छात्र-छात्राओं को सूचनाओं के लिए सिर्फ इविवि की वेबसाइट पर ही नहीं निर्भर रहना पड़ेगा। फेसबुक और टिवटर पेज का जिम्मा इविवि की नवनियुक्त जनसंपर्क अधिकारी डॉ. जया कपूर के पास होगा।
कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव के निर्देश पर रजिस्ट्रार प्रो. एनके शुक्ल ने दो अहम पदों पर फेरबदल किया। अंग्रेजी एवं मॉडर्न यूरोपियन लैंग्वेज विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. जया कपूर को इविवि का नया जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) नियुक्त किया गया है। वह इविवि के फेसबुक और ट्विटर पेज को भी हैंडल करेंगी। वहीं गणित विभाग की प्रो. मोना खरे को इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज (आईपीएस) का निदेशक नियुक्त किया गया है। अब तक यह जिम्मा भौतिक विज्ञान विभाग के प्रो. एके राय के पास था। दोनों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से नियुक्त किया गया है।