स्कूल वेबसाइट पर दें संसाधनों का ब्योरा…

एसडीएम की अध्यक्षता में तहसीलों में बनी कमेटी

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2021 के लिए 22,172 स्कूलों ने सूचनाएं अपडेट की हैं। परीक्षा केन्द्र निर्धारण के लिए 5 दिसंबर तक यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर स्कूलों को उपलब्ध संसाधनों का ब्योरा अपडेट करना था। वर्ष 2021 की परीक्षा में सम्मिलित होने वाले 27823 विद्यालयों में से 22172 ने अपने पिछले वर्ष की सूचनाओं को आंशिक रूप से अपडेट किया है।
सचिव दिव्यकांत शुक्ल के अनुसार शेष 5651 विद्यालयों ने अपनी गत वर्ष की सूचनाओं में किसी अपडेशन की आवश्यकता नहीं समझी। जिलाधिकारी की ओर से टीमें विद्यालयों की सूचनाओं का भौतिक सत्यापन 20 दिसंबर तक करेंगी। सत्यापन रिपोर्ट 26 दिसंबर तक बोर्ड की वेबसाइट पर अपडेट की जाएगी।
स्कूलों में सुविधाओं का सत्यापन करने के लिए सभी आठ तहसीलों में एसडीएम की अध्यक्षता में कमेटी गठित की गई है। निरीक्षण के बाद ये समितियां जिला कमेटी को अपनी रिपोर्ट देंगी। टीम में तहसीलदार, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के सहायक अभियंता सदस्य, जबकि सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक या जीआईसी के प्रधानाचार्य को सदस्य सचिव बनाया गया है।

Exit mobile version