धुंध में मददगार होगी फॉग सेफ डिवाइस

धुंध में मददगार होगी फॉग सेफ डिवाइस

ट्रेन ड्राइवर को अलर्ट करेगी जीपीएस आधारित डिवाइस

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोहरे में ट्रेनों का संचालन रेलवे के लिए हर साल परेशानी का सबब बनता है। ठंड में कोहरे के चलते कई बार ट्रेन चालक को सिग्नल दिखाई नहीं देता अथवा कम दिखाई देता है, इसके लिए रेलवे ने समाधान तलाश लिया है। ट्रेन चालकों को ड्यूटी पर जाने के पहले फॉग सेफ डिवाइस दी जाती है जो कोहरे में ट्रेन संचालन में उनकी सहायता करता है। जीपीएस पर आधारित इस डिवाइस में उक्त रेलमार्ग के सिग्नलों की स्थिति पहले से फीड कर दी जाती है जिस पर वह जा रही होती है। सिग्नल के आने के पांच सौ मीटर पहले ही यह ड्राइवर को आगाह करता है कि रेड या हरा सिग्नल आने वाला है। इसमें से आडियो निकलती है जिसको ड्राइवर सुविधा अनुसार अंग्रेजी या हिंदी भाषा में सेट कर सकता है।
उत्तर मध्य रेलवे (उमरे) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अजीत कुमार सिंह ने बताया कि रेल संचालन में चालक की मदद के लिए ट्रैक के किनारे तमाम सूचना बोर्ड लगे होते हैं। कोहरे में यह स्पष्ट नजर आएं जिसके लिए इन पर रेट्रोरिफ्लेक्टिवपट्टियां लगाई जाती हैं। इसके अलावा जिस रेलखंड में कोहरा पड़ रहा होता है वहां पर ट्रेनों की गति कम कर दी जाती है जो 75 किमी प्रति घंटे अथवा ट्रेन ड्राइवर की दृश्यता के आधार पर 10 किमी प्रति घंटे भी हो सकती है।

Exit mobile version