बार लाइसेंस की जटिल प्रक्रिया हुई सरल

 

समिति की संस्तुति पर आबकारी आयुक्त को देनी होगी स्वीकृति

एयरपोर्ट, विशेष ट्रेनों में बार लाइसेंस, पार्किंग की व्यवस्था बदली

छह घंटे का अतिरिक्त लाइसेंस, नियम के उल्लंान पर लाइसेंस निरस्त

( विनय मिश्रा )
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में बार लाइसेंस की जटिल प्रक्रिया को सरल कर दिया गया है। शासन स्तर से अनुमोदन और मंडलायुक्त की अध्यक्षता में गठित समिति की संस्तुति को समाप्त करके जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति की संस्तुति पर आबकारी आयुक्त को स्वीकृति देने का प्रावधान किया गया है।
यही नहीं नए नियमों में अनुमोदन की कार्यवाही का विकेंद्रीकरण और प्रक्रिया को सरल करते हुए ट्रांजेक्शन स्तरों की संख्या 28 से घटकर अब आठ रह जाएगी। इससे उद्योग के स्वीकृति लाइसेंस में स्वीकृति में शीघ्रता होगी और राजकोष की आय बढ़ेगी। इसके साथ ही पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एयरपोर्ट, विशेष ट्रेनों और क्रूजों में भी बार लाइसेंस स्वीकृत किए जाने की व्यवस्था की गई है।
उत्तर प्रदेश की कैबिनेट ने उत्तर प्रदेश आबकारी (बार लाइसेंसों की स्वीकृति) नियमावली-2020 में परिवर्तन किया है। बार का लाइसेंस लेने के लिए आवेदन के समय परिसर में रेस्टोरेंट का संचालित होने की अनिवार्यता खत्म कर दी गई है। आबकारी आयुक्त के अनुमोदन के बाद लाइसेंस फीस जमा करने के समय तक परिसर में रेस्टोरेंट संचालित होना अनिवार्य किया गया है।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एयरपोर्ट, विशेष ट्रेनों और क्रूजों में भी बार लाइसेंस स्वीकृत किए जाने की व्यवस्था की गयी है। पारदर्शिता के लिए लाइसेंस स्वीकृति की प्रक्रिया आनलाइन होगी। प्रत्येक बार और क्लब को जियो टैग किया जाएगा। यह कदम ईज आफ डूइंग बिजनेस के लिए उठाया गया है।
पहले लाइसेंस भले किसी महीने में स्वीकृत हो, लेकिन फीस पूरे सालभर की ली जाती थी। अब जिस महीने से लाइसेंस स्वीकृत होगा उसके पहले के तीन माह की फीस में छूट दी जाएगी। बार लाइसेंस के लिए परिसर में न्यूनतम कुर्सी क्षेत्रफल दो सौ वर्गमीटर व न्यूनतम 40 व्यक्तियों के बैठने की व्यवस्था होने की अनिवार्यता रखी गई है। पहले बार लाइसेंस के लिए परिसर में समुचित पार्किंग होना अनिवार्य था। लेकिन, अब परिसर में 500 मीटर के अंतर्गत निजी पार्किंग व्यवस्था को पर्याप्त माना जाएगा। वहीं बार लाइसेंसों की स्वीकृति के संबंध में जिला स्तरीय बार समिति के निर्णय से असंतुष्ट होने की स्थिति में मंडलायुक्त के समक्ष अपील करने की व्यवस्था की गई है। ऐसे ही बार लाइसेंस प्राप्त परिसर में परिवर्तन जिला स्तरीय बार समिति की संस्तुति पर 10 प्रतिशत वार्षिक लाइसेंस फीस लेकर आबकारी आयुक्त कर सकते हैं।
किसी विशेष आयोजन के लिए समारोह बार लाइसेंस सुबह आठ से रात्रि बारह बजे के मध्य छह घंटों की अवधि के लिए आनलाइन जारी किए जाएंगे, जिसे अतिरिक्त लाइसेंस फीस देकर रात्रि एक बजे तक किया जा सकता है। बिक्री बढ़ाने के लिए नियमों का पालन न करने पर पहली बार 25 हजार दूसरी बार 50 हजार रुपये का जुर्माना लगेगा और तीसरी बार लाइसेंस निरस्त किया जाएगा।

Exit mobile version