प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। झूंसी स्थित एक होटल में आर्केस्ट्रा कलाकार से सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने चार के खिलाफ गैंगरेप की रिपोर्ट दर्ज कर एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस युवती का मेडिकल करा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
बताया जाता है कि जौनपुर की एक आर्केस्ट्रा में काम करने वाली युवती को कौशाम्बी का जितेंद्र नामक युवक काम दिलाने के बहाने झूंसी के कटका स्थित एक होटल लाया। इस दौरान उसके साथ चार युवकों ने गलत काम किया। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूट कर पीडि़ता सीधे झूंसी थाने पहुंची और आपबीती सुनाई।
पीडि़ता की बात सुनकर पुलिस महकमे में हड़कम्प मच गया। युवती के बताए ठिकाने पर दबिश देकर पुलिस एक युवक को गिरफ्तार कर थाने ले आई। पीडि़ता की तहरीर पर पुलिस ने जितेंद्र व तीन अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर पीडि़ता को मेडिकल के लिए भेज दिया। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस कौशाम्बी, प्रयागराज में दबिश दे रही है। सूत्रों की मानें तो पीडि़ता को कई दिनों से लाकर होटल में रखा गया था। काम दिलाने के नाम पर उसका युवकों ने शोषण किया।