तीन माह में तेजी से घटी कोरोना मरीजों की संख्या
बेली हॉस्पिटल में कोरोना से जुड़े दो वार्ड किए बंद
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना संक्रमण से जूझ रहे प्रयागराज के लिए राहत की खबर है। जिले में बने कोविड हॉस्पिटल में संक्रमित मरीजों की संख्या तेजी से घट रही है। एसआरएन व बेली हॉस्पिटल के कोरोना वार्ड में कुल बेड की तुलना में चौथाई से भी कम मरीज इलाज करा रहे हैं। लगभग 20 फीसदी बेड पर ही अब कोरोना मरीज हैं। मौजूदा हालात को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग इसे शुभ संकेत मान रहा है।
स्वरूपरानी अस्पताल में 320 में से महज 55 बेड पर ही मरीज भर्ती हैं। मरीज कम होने का सिलसिला पिछले एक हफ्ता से शुरू हुआ है। इसी तरह तेज बहादुर सप्रू बेली हॉस्पिटल में 180 बेड की व्यवस्था है, लेकिन इस समय सिर्फ 20 मरीज ही कोरोना का इलाज करा रहे हैं। अस्पताल की सीएमएस डॉ. किरण मलिक का कहना है कि कई महीनों से संक्रमण से जूझ रहे जिले के लिए यह राहत की बात है।
बेली हॉस्पिटल में कोरोना मरीजों के लिए 4 वार्ड की व्यवस्था अब तक की गई थी। मरीजों की संख्या कम होने से अस्पताल प्रबंधन ने दो वार्ड को बंद कर दिया है। अब यहां 2 वार्डों में ही मरीजों को भर्ती किया जा रहा है। अधीक्षक डॉ. मनोज अखौरी के अनुसार, संक्रमित मरीजों की संख्या कम होने के कारण वार्ड बंद किए गए हैं। आगे अगर खतरा बढ़ता है तो दोनों वार्ड को तत्काल खोल दिया जाएगा। किसी को कोई दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।
संक्रमण की मार भले ही कमजोर पड़ी हो लेकिन अगस्त और सितंबर में इसका प्रकोप जिले के लोगों पर बरपा था। अभी सौ से कम मरीज मिल रहे हैं, लेकिन इन दो महीनों में एक दिन में तीन से चार सौ के बीच मरीज सामने आते थे। सितंबर के मध्य में तो एक दिन में सर्वाधिक 443 मरीज संक्रमण की चपेट में आए थे। उस वक्त एसआरएन व बेली हॉस्पिटल के अलावा रेलवे, कालिंदीपुरम, यूनानी मेडिकल कॉलेज, यूनाइटेड मेडिसिटी अस्पताल में भी संक्रमितों का इलाज किया जा रहा था।