क्या मिश्रपुर में किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रहा प्रशासन

जानलेवा हमला करने के प्रयास में अभी तक नहीं हुई कोई कार्रवाई

कोरांव,प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । स्थानीय थाना क्षेत्र के मिश्रपुर ग्राम पंचायत में रंजिश को लेकर धान की मड़ाई करने खलिहान पहुंचे पिता पुत्र को दो दर्जन लोगों ने लाठी-डंडे से लैस होकर मारने की नियत से दौड़ा लिया ।मामला गंभीर होता देख पिता-पुत्र बाइक से दूसरे रास्ते से भाग निकले और किसी तरह से अपनी जान बचाई ।मामले की लिखित शिकायत इलाकाई पुलिस से करते हुए जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई गई है ।मिश्रपुर गांव निवासी अनूप कुमार मिश्रा पुत्र श्री प्रसाद मिश्रा का आरोप है कि वह दोनों लोग बुधवार की सुबह अपने धान की मड़ाई के लिए गांव में ही भूप नारायण पब्लिक इंटर कॉलेज के पीछे अपनी खलिहान में काम कर रहे थे तभी गांव के राम गोपाल , हिन्छलाल ,हरी शंकर पुत्रगण रामजग , राजेश, बृजेश, पुत्र गण रामगोपाल, रंजीत कुमार ,शिव कुमार ,विकास के अलावा रामगोपाल के घर की एक दर्जन महिलाएं हाथ में लाठी डंडा कटवासा लेकर खलिहान की तरफ दौड़ी और जान से मारने की धमकी देकर ललकारने लगे ।माहौल गर्म होता देख पीड़ित पिता के साथ बाइक से किसी तरह से मौके से भाग निकला ।भुक्तभोगी का आरोप है कि उसने गांव के ही जिला पंचायत की जमीन पर अवैध रूप से अतिक्रमण की शिकायत माननीय न्यायालय में की थी जिन के आदेश पर अवैध अतिक्रमण को कुछ ही दिन पूर्व प्रशासनिक अमले ने ध्वस्त करा दिया था ।जिससे खुन्नस खाए लोग लगातार जान से मारने की धमकी गाली गलौज पर उतारू है। पीड़ित का आरोप है कि अगर प्रशासनिक तौर पर उक्त लोगों के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की गई तो उनके और उनके परिवार की जान को खतरा है। हालांकि घटना की सूचना पर इलाकाई पुलिस ने कुछ देर के बाद गांव पहुंचकर मामले की जानकारी ली थी लेकिन समाचार लिखे जाने तक मामले में किसी तरह की कोई कार्यवाही नहीं की गई थी जिसके चलते पीड़ित का परिवार दहशत के साए में जी रहा है। पीड़ित का यह भी आरोप है कि अगर पुलिस ने मन बढ़ लोगों के खिलाफ कार्यवाही नहीं की तो किसी बड़ी वारदात से इनकार नहीं किया जा सकता। सबसे बड़ी बात यह है कि जानलेवा हमला करने की फिराक में गए लोगों के खिलाफ अभी तक पुलिस द्वारा किसी भी तरह की कोई कार्यवाही अमल में नहीं लाई जा सकी है।

Exit mobile version