832 बकाएदारों के कटे कनेक्शन, वसूला 20 लाख बकाया

बिजली विभाग और प्रवर्तन टीम के संयुक्त अभियान से हड़कंप

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के चेयरमैन द्वारा मंगलवार को की गई समीक्षा बैठक और कार्रवाई का असर बुधवार को दिखा। भोर में ही बिजली विभाग और प्रवर्तन टीम ने शहर के कई क्षेत्रों में संयुक्त रूप से अभियान चलाकर 93 लोगों को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा। इस दौरान कर्मचारियों से कुछ लोगों ने नोंकझोंक कर धक्का-मुक्की की। प्रवर्तन टीम ने खदेड़ा तो हंगामा करने वाले भाग गए। बाद में इन सभी के खिलाफ बिजली चोरी की एफआईआर दर्ज कराई गई।
फोर्ट रोड के एसडीओ शुभम मिश्रा के नेतृत्व में बिजली विभाग और प्रवर्तन दल की टीम अल्लापुर पहुंची। यहां जांच शुरू हुई तो 45 लोग बिजली चोरी करते पकड़े गए। किसी ने एलटी केबल को पंचर करके कटियामारी की थी तो किसी ने मीटर के पास से तार काटकर बाईपास किया था। कर्मचारियों ने इनके कनेक्शन काटने की बात कही तो कुछ विवाद करते हुए धक्का-मुक्की करने लगे।
रामबाग एसडीओ अतुल गौतम ने मानसरोवर, डी. रोड पर अभियान चलाकर 18 बिजली चोरों को पकड़ा। इसमें से अधिकांश ने मीटर के पास से बाईपास किया था। यहां भी कर्मचारियों से विवाद हुआ। करेली में 11 बिजली चोरी के मामले पकडने के साथ ही बकाएदारों की लाइट गुल गई। टैगोर टाउन के उपखंड अधिकारी विजय तिवारी के नेतृत्व में बघाड़ा, टैगोर टाउन में पहुंची टीम ने बकाएदारों का कनेक्शन काटने के साथ ही 19 बिजली चोरी के मामले पकड़े। इन सभी के खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इसी प्रकार 832 बकाएदारों का कनेक्शन काटने के साथ ही लगभग 20 लाख की बकाए की वसूली भी की गई।

Exit mobile version