नोएडा के ‘अपशकुन’ से हुई गोरखपुर-फूलपुर में हार? जानें योगी का जवाब…

कांग्रेस के महाधिवेशन में सोनिया ने मोदी सरकार को ‘ड्रामेबाज’ और ‘अहंकारी सरकार’ करार दिया है. इसका जवाब देते हुए योगी ने कहा कि सबसे बड़ा ड्रामा तो राहुल गांधी का टेंपल रन था.

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मोदी सरकार पर दिए गए सोनिया गांधी के बयान पर पलटवार किया है. कांग्रेस के महाधिवेशन में सोनिया ने मोदी सरकार को ‘ड्रामेबाज’ और ‘अहंकारी सरकार’ करार दिया है. इसका जवाब देते हुए योगी ने कहा, “हमारी सरकार गरीबों और जरूरतमंदों के हितों के लिए काम कर रही है. गरीबों और जरूरतमंदों के लिए काम करना अहंकार है क्या?” योगी ने कहा कि सबसे बड़ा ड्रामा तो  राहुल गांधी का टेंपल रन था.

आदित्यनाथ ने ये बातें ‘न्यूज 18 राइजिंग इंडिया समिट में लखनऊ से लाइव जुड़ते हुए कही. आदित्यनाथ ने कहा है कि मैं सीएम नहीं बल्कि पहले योगी हूं और योगी कहलाना पसंद करता हूं. हार और जीत हमारे लिए न उल्लास का विषय होता है न अवसाद का. लेकिन हर हार को हम सबके लिए सबक होती है. अति आत्मविश्वास में जब भी कहीं हम कोई काम करेंगे, पुरुषार्थ करना भूल जाएंगे तो इस तरह की स्थितियां सामने आएंगी.

योगी ने कहा उप चुनावों में स्थानीय इश्यू होते हैं. कार्यकर्ताओं में यह बात थी कि यह तो सीएम, डिप्टी सीएम की सीट है. कार्यकर्ताओं में यह आत्मविश्वास था कि हम जीत ही रहे हैं तो वे मैदान में नहीं गए. मतदान प्रतिशत गिरते ही बीजेपी को दोनों सीटों पर हार का सामना करना पड़ा. गोरखपुर में हार की हमने समीक्षा की है, उसकी रणनीति बना रहे हैं. रणनीति का खुलासा नहीं बल्कि वक्त आने पर उसका क्रियान्वयन होगा. गोरखपुर के लोग मतदान के लिए गए होते तो यह स्थिति नहीं आती. कम प्रतिशत का हमें खामियाजा भुगतना पड़ा.

जब उनसे यह सवाल किया गया कि नोएडा आने का दुष्प्रभाव है क्या जो आप गोरखपुर और फूलपुर में उप चुनाव हार गए, उन्होंने कहा “मेरा नोएडा में शीघ्र कार्यक्रम लगने वाला है. योगी के रूप में मैं अशुभ को शुभ करने जाता हूं. मैं उत्तर प्रदेश के अशुभ को शुभ कर रहा हूं.”

Exit mobile version