नया मकान बनवाना अब महंगा नक्शा पास कराने के दौरान जमा करना होगा बेटरमेंट चार्ज

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। सिविस लाइंस व अन्य क्षेत्र में नया मकान बनवाना अब महंगा हो जाएगा। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) इसके लिए बेटरमेंट चार्ज वसूलेगा। अधिकारियों का कहना है कि महाकुंभ के दौरान विकास के कई काम कराए गए हैं। इसके एवज में बेटरमेंट चार्ज लिया जाएगा। नक्शा पास कराने के दौरान ही बेटरमेंट चार्ज जमा करना होगा। इस आशय का नर्णय मंडलायुक्त आर रमेश कुमार की अध्यक्षता में हुई पीडीए बोर्ड की बैठक में गुरूवार को लिया गया।
महाकुंभ के दौरान सिविल लाइंस समेत शहर के अन्य हिस्सों में सड़क चौड़ीकरण, भूमिगत वायरिंग समेत सुंदरीकरण के काम कराए गए थे। कई स्थानों पर जमीन और फ्लैट के दाम भी बढ़े हैं। दाम बढऩे के कारण ही यहां रहने वाले लोगों को सुविधाओं के एवज में नया चार्ज देगा होगा। प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने इस नए कर का निर्धारण भी किया है। अधिकारियों का कहना है कि 2016 और 2020 के सर्किल रेट के अंतर का 15 प्रतिशत बेटरमेंट चार्ज देगा होगा।
मौजूदा समय में भी विकास प्राधिकरण शहर की पंद्रह सड़कों का चौड़ीकरण करा रहा है। सूत्रों की मानें तो यहां के लोगों को भी बेटरमेंट चार्ज देना पड़ सकता है। धूमनगंज समेत कई क्षेत्रों में रहने वाले पहले ही बेटरमेंट चार्ज दे रहे हैं। वहीं नैनी क्षेत्र में प्रवासी मजदूरों के लिए किराए के आवास बनाए जाएंगे। फ्लैट के लिए छह हजार और डॉरमेट्री के लिए तीन हजार प्रति माह किराया लिया जाएगा। इन आवासों में 25 साल की अवधि तक रहा जा सकेगा। प्रत्येक साल आठ प्रतिशत तक किराया बढ़ाया जाएगा।

इनसेट….

विभिन्न क्षेत्रों के लिए होगी अलग दर

प्रयागराज। सर्किल रेट के हिसाब से बेटरमेंट चार्ज का निर्धारण किया जाएगा। उदाहरण के तौर पर सरदार पटेल मार्ग पर 2016 में 33 हजार सर्किल रेट था, 2020 में 42 हजार का सर्किल रेट चल रहा है। दोनों में नौ हजार का अंतर है। इस नौ हजार का पंद्रह प्रतिशत 1350 रुपये होगा। अब सरदार पटेल मार्ग पर मकान बनवाने वालों को 1350 रुपये प्रति वर्ग मीटर के हिसाब से बेटरमेंट चार्ज देगा होगा। ये पैसा नक्शा पास कराने के साथ ही जमा करना होगा। इसके बाद ही मकान बनवाने की स्वीकृति दी जाएगी। विभिन्न क्षेत्रों में सर्किल रेट के हिसाब से अलग-अलग दर होगी।

Exit mobile version