
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) की 10 कालोनियां ट्रांसफर (हस्तानांतरण) करने के बाद अब नगर निगम प्रशासन ने आवास विकास परिषद की दो योजनाओं के हस्तानांतरण की तैयारी में है।
झूंसी आवास विकास योजना दो और तीन के निगम को ट्रांसफर होने से कालोनी वासियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
झूंसी आवास विकास योजना की दो कालोनियां नगर निगम को होंगी हस्तांतरित
कालोनीवासियों पर बढ़ेगा कर का बोझ, देना होगा गृहकर, जलकर, सीवरकर
निगम के जनकार्य विभाग ने दोनों आवासीय योजनाओं में बदहाल सड़कों, गलियों, नालियों के जीर्णोद्धार के लिए आवास विकास परिषद को करीब पांच करोड़ रुपये का प्रस्ताव दिया है।
जलकल विभाग ने भी जलापूर्ति और सीवर व्यवस्था दुरुस्त करने के विकास परिषद से लगभग 1.47 करोड़ रुपये मांगे हैं। परिषद की ओर से निगम और जलकल विभाग के खाता नंबर ले लिया गया है।
इससे रकम जल्द इनके खातों में ट्रांसफर होने की उम्मीद है। रकम हस्तानांतरित होते ही योजनाएं भी ट्रांसफर हो जाएंगी। इससे इन योजनाओं में सफाई, जलापूर्ति और सीवरेज व्यवस्था में सुधार होने की उम्मीद है।
आवास विकास परिषद अपनी योजनाओं में सफाई, जलापूर्ति और सीवरेज व्यवस्था के लिए ठेकेदारों पर निर्भर होती है। लेकिन, निगम और जलकल विभाग के पास इन व्यवस्थाओं के लिए अपनी खुद की मशीनरी है। जलकल विभाग के महाप्रबंधक का कहना है कि सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के ट्रांसफर को लेकर गतिरोध है।
हमने गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई को एसटीपी ट्रांसफर करने के लिए कहा है, क्योंकि वह एक्सपर्ट विभाग है। निगम के मुख्य अभियंता सतीश कुमार ने बताया कि धनराशि मिलते ही दोनों योजनाएं ट्रांसफर हो जाएंगी। दोनों योजनाओं के कालोनीवासियों को सुविधाओं के साथ करों का बोझ भी बढ़ जाएगा। उन्हें गृहकर, जलकर, सीवरकर आदि जमा करना होगा।