
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने पीसीएस-2020 (मेंस) मुख्य परीक्षा के उन अभ्यर्थियों को सहूलियत देते फार्म जमा करने का अतिरिक्त मौका दिया है, जिन्होंने तय समय-सीमा के अंतर्गत ऑनलाइन फीस जमा कर दी है।
पीसीएस-2020 के मुख्य परीक्षा के अभ्यर्थियों को राहत
लेकिन, सर्वर धीमा चलने के कारण आवेदन फार्म जमा नहीं कर पाए हैं। ऐसे अभ्यर्थियों के लिए फार्म भरने की समय सीमा बढ़ाई है। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर 24 दिसंबर तक फार्म भरकर सबमिट कर सकते हैं, जबकि आयोग मुख्यालय पर आफलाइन फार्म दो जनवरी-2021 की शाम पांच बजे तक जमा कर सकते हैं।
यूपीपीएससी ने पीसीएस व एसीएफ-आरएफओ-2020 की प्रारंभिक परीक्षा 11 अक्टूबर को आयोजित की थी। इसका रिजल्ट 21 नवंबर को जारी किया गया, फिर 24 नवंबर को संशोधित रिजल्ट जारी करके 29 नवंबर से मेंस के लिए ऑनलाइन व आफलाइन फार्म भराने की प्रक्रिया शुरू हुई। ऑनलाइन फार्म जमा करने की अंतिम तारीख 14 दिसंबर व आफलाइन फार्म जमा करने की अंतिम तारीख 21 दिसंबर की शाम पांच बजे तक निर्धारित थी। लेकिन, आवेदन के दौरान कई दिनों तक आयोग का सर्वर काफी धीमा चल रहा था। इसके चलते ऑनलाइन शुल्क जमा होने के बाद उसकी रसीद निकलने व आवेदन करने में दिक्कत आ रही थी।
इनसेट….
जल्द रिजल्ट देने का कीर्तिमान
प्रयागराज। यूपीपीएससी ने पीसीएस 2020 प्रारंभिक परीक्षा का सबसे जल्द रिजल्ट देने का कीर्तिमान बनाया है। परीक्षा के बाद महज 40 दिन में परिणाम घोषित हुआ। इतना ही नहीं आसन्न भर्ती में पदों की संख्या लगभग दोगुनी हो गई है। यूपीपीएससी की पीसीएस प्री परीक्षा 11 अक्टूबर को कराई गई थी। इम्तिहान में शामिल होने वालों की संख्या भी तीन लाख से अधिक है और चयन पांच वर्गों में होना है, फिर भी आश्चर्यजनक तरीके से रिजल्ट 40 दिन में आया है। यह परिणाम इसलिए भी चकित करता है, क्योंकि इसी आयोग में 2016 व उसके पहले की परीक्षाएं इन दिनों कराई जा रही हैं। आयोग ने इसके पहले 11 सितंबर को ही पीसीएस 2018 परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी किया था। यह इम्तिहान सबसे अधिक 988 पदों के लिए था।