
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने सम्मिलित राज्य-प्रवर अधीनस्थ सेवा सामान्य चयन व विशेष चयन परीक्षा-2019 (पीसीएस-2019) की मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है।
388 पदों के लिए साक्षात्कार देंगे 811 सफल अभ्यर्थी
भर्ती के 388 पदों के सापेक्ष साक्षात्कार के लिए 811 अभ्यर्थी सफल घोषित किये गए हैं। आयोग ने 22 से 26 सितंबर तक लखनऊ, प्रयागराज और गाजियाबाद में मुख्य परीक्षा कराई थी।
यूपीपीएससी ने 16 अक्टूबर 2019 को पीसीएस के 474, एसीएफ के दो व आरएफओ के 53 पदों की भर्ती का विज्ञापन जारी किया था। आयोग ने 15 दिसंबर को प्रदेश के 19 जिलों में 1166 केंद्रों पर प्रारंभिक परीक्षा करायी और इसका परिणाम 17 फरवरी 2020 को जारी किया गया। मुख्य परीक्षा के लिए 6119 अभ्यर्थी सफल हुए थे। लॉकडाउन के कारण मुख्य परीक्षा में विलंब हुआ।
यूपीपीएससी के सचिव जगदीश ने बताया कि वेबसाइट पर अभ्यर्थियों का ब्योरा अपलोड कर दिया गया है। अभ्यर्थियों का प्राप्तांक, कटआफ अंक, आदि सूचना अंतिम चयन परिणाम के बाद जारी किया जाएगा। पीसीएस-2019 में प्रदेश के बाहर की महिला अभ्यर्थियों का रिजल्ट राज्य सरकार की ओर से हाईकोर्ट में दाखिल विशेष अपील के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा। साक्षात्कार के संबंध में अलग से विज्ञप्ति जारी की जाएगी।
इन पदों का साक्षात्कार नहीं
प्रयागराज। पीसीएस-2019 में सम्मिलित सामान्य अर्हता के कई पदों के लिए साक्षात्कार नहीं लिया जाएगा। इनमें उपकारापाल, कर निर्धारण अधिकारी, विपणन अधिकारी एवं विधि अधिकारी (मंडी परिषद) के लिए इंटरव्यू नहीं होगा। इसी प्रकार विशिष्ट अर्हता के पदों लेखा एवं संप्रेक्षा अधिकारी, विधि अधिकारी (पीडब्ल्यूडी तथा भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग) ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक व पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी के पदों के सेवा नियमावली में साक्षात्कार का प्राविधान नहीं है। अंतिम रिजल्ट के साथ उक्त पदों का परिणाम घोषित किया जाएगा।