
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और जनपद चित्रकूट के प्रभारी मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता जिले के दो दिवसीय दौरे पर हैं! जनपद भ्रमण के दौरान कल उनके समक्ष एक शिकायत की गयी कि खनन अधिकारी चित्रकूट द्वारा एक किसान के चार ट्रैक्टर मिट्टी को अवैध तरीके से मौरंग का खनन दिखाकर सीज कर दिया गया है।
मंत्री ने आज दोपहर पुलिस लाइन में खड़े उन ट्रैक्टरों का औचक निरीक्षण किया, जिनमें मौरंग होने की बात कहकर वाहन सीज कर दिए गए थे! मंत्री ने औचक निरीक्षण के दौरान पाया कि ट्रैक्टरों में मिट्टी ही थी जो किसान अपने ही खेत से लेकर जा रहा था।
इसपर गहरी नाराजगी जताते हुए प्रभारी मंत्री ने साथ मौजूद डीएम को खनन अधिकारी के विरुद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए और कहा कि आमजन का उत्पीड़न किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। माननीय मुख्यमंत्री जी की मंशा के विपरीत आचरण करने वाले अधिकारी बख्शे नहीं जायेंगे।