
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना वैक्सीने वैक्सीन आने को लेकर भले ही कोई तारीख तय नहीं है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग वैक्सीनेशन के तीसरे चरण तक की तैयारी में जुटा है।
सीएचसी, पीएचसी व सरकारी अस्पतालों के अलावा थाना, स्कूल, कॉलेज, ग्राम पंचायत भवन भी वैक्सीनेशन सेंटर बनेंगे। कोरोना वैक्सीनेशन का तीसरा चरण सबसे अहम माना जा रहा है। इसके अंतर्गत 50 वर्ष से अधिक व्यक्तियों को वैक्सीन लगाया जाएगा।
गंभीर रोग जैसे मधुमेह, सांस रोग, कैंसर, उच्च रक्तचाप से पीडि़तों को भी वैक्सीन दी जाएगी। जिले में 50 वर्ष से अधिक आयु वाले करीब 10 लाख लोग हैं।
इतनी बड़ी संख्या में वैक्सीन देने के लिए सरकारी अस्पतालों को पर्याप्त नहीं माना जा रहा है। इसके लिए थाना, स्कूल, कॉलेज, ग्राम पंचायत भवन के अलावा विवाह स्थल व बड़े प्राइवेट अस्पतालों को भी वैक्सीनेशन सेंटर बनाया जाएगा।
सीएमओ डॉ. प्रभाकर राय के अनुसार, वैक्सीनेशन के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग व कोरोना नियमों का पालन हर हाल में किया जाएगा। इसके लिए अस्पतालों के अलावा अलग-अलग विभाग व निजी अस्पतालों को भी उपयोग में लाया जाएगा।
कोरोना वैक्सीन सबसे पहले सरकारी व गैर सरकारी स्वास्थ्यकर्मियों को लगाई जाएगी। इनके अलावा आशा, आंगनबाड़ी, सुपरवाइजर भी शामिल किए जाएंगे। दूसरे चरण में पुलिस, सेना, होमगार्ड, जेल, आपदा प्रबंधन व नगर निगम के कर्मचारियों को वैक्सीन दी जाएगी।