
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। आचार्य बाड़ा के संतों के बीच जमीन आवंटन को लेकर सहमति नहीं बन सकी। इस कारण मेला प्रशासन ने शुक्रवार को जमीन का आवंटन नहीं किया।
आचार्य बाड़ा में सहमति न होने पर पिछले साल की तरह जमीन का आवंटन कर दिया जाएगा
मेला अधिकारी ने कहा कि दोनों गुटों के बीच सहमति नहीं बनी तो वह शनिवार को पिछले साल की तरह जमीन का आवंटन कर देंगे।
मेला प्रशासन द्वारा आचार्य बाड़ा को जमीन आवंटन के लिए शुक्रवार और शनिवार का समय रखा गया था। शुक्रवार को जमीन देने के लिए मेला प्रशासन की टीम रामानुज नगर पहुंची।
वहां पर आचार्य बाड़ा के एक गुट रामानुज प्रबंध समिति के अध्यक्ष रामेश्वर प्रपन्नाचार्य ने मेला अधिकारी से कहा कि पूरी जमीन उन्हें दे दी जाय।
वह अपने हिसाब से आचार्य बाड़ा के संतों को जमीन बांटेंगे। जबकि दूसरे गुट अखिल भारतीय रामानुज प्रबंध समिति के अध्यक्ष प्रपन्नाचार्य और महामंत्री कौशल प्रपन्नाचार्य ने कहा कि जमीन प्रशासन बांटे, तभी निष्पक्ष बंटवारा होगा।
इसी को लेकर दिनभर दोनों गुटों के बीच विवाद चलता रहा। कुछ देर मेला क्षेत्र में रहने के बाद दोनों गुटों के पदाधिकारी अपने आश्रम पहुंचकर बैठक करने लगे। शाम तक वह किसी नतीजे पर नहीं पहुंचे और मेला क्षेत्र में भी नहीं गए।
ऐसे में जमीन का आवंटन नहीं हो सका और मेला प्राधिकरण के अधिकारी व कर्मचारी भी लौट गए। आचार्य बाड़ा में करीब ढाई सौ संस्थाओं को जमीन दी जाएगी। मेला अधिकारी विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि शनिवार की सुबह तक आचार्य बाड़ा में सहमति न होने पर पिछले साल की तरह जमीन का आवंटन कर दिया जाएगा।