
प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार)। अयोध्या और काशी के आध्यात्मिक दर्शन के लिए आईआरसीटीसी ने एक पैकेज जारी किया है। हालांकि यह यात्रा कोच्चि से शुरू होगी और प्रयागराज (प्रयाग), अयोध्या और वाराणसी (काशी) का टूर कराएगी।
आईआरसीटीसी ने जारी किया धार्मिक यात्रा पैकेज
इस धार्मिक और पवित्र यात्रा के लिए चार रातों और पांच दिन के पैकेज के लिए कोच्चि से यात्रा शुरू होगी। पैकेज का नाम वाराणसी अयोध्या दर्शन के साथ है। वहीं उड़ान पैकेज के तहत पर्यटकों को कोचीन हवाई अड्डे (घरेलू टर्मिनल) से वाराणसी लाया जाएगा। कोरोना संक्रमण काल के बाद आईआरसीटीसी का यह पहला प्लान है जो हवाई यात्रा भी करा रहा है।
इस तीर्थ यात्रा पर अकेले जाने वालों को 31,325 रुपये, डबल के लिए 26,585 रुपये, ट्रिपल के लिए 25,960 रुपये देने होंगे। बिस्तर के साथ बच्चे (5-11 वर्ष) के लिए 23,345 रुपये, बिस्तर के बिना बच्चे-21,605 रुपये, बच्चा (2-4 वर्ष) के लिए 18,230 रुपये किराया तय किया गया है। वहीं पैकेज के लिए तिथि पांच मार्च तय की गई है।
धार्मिक यात्रा के दौरान रहना, खाना-पीना और घूमना शामिल किया गया है। आईआरसीटीसी की ओर से बताया गया है कि भारत के सबसे पवित्र शहर की तीर्थयात्रा पर जाने के दौरान भगवान शिव और भगवान राम की नगरी का दर्शन शामिल है। पूजा के साथ पवित्र नदियों में स्नान करने के लिए, दिव्य मंदिरों में श्रद्धांजलि अर्पित करने और पवित्र आरती में भाग लेने के लिए इस टूर पैकेज को बुक करें।