वीडीओ की निगरानी में होगा पंचायत का काम

एडीओ पंचायत होंगे प्रशासक, निगरानी का जिम्मा

( अनुराग शुक्ला )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। जिले के सभी 1637 गांवों की तस्वीर अब बदल गई है। पांच वर्षों से पंचायतों की कमान संभालने वाले ग्राम प्रधान कार्यमुक्त हो गए और एडीओ पंचायत को प्रशासक बना कर ग्राम पंचायतों का संपूर्ण अधिकार प्रदान कर दिया गया। दरअसल अभी तक ग्राम प्रधान मेकर और ग्राम पंचायत अधिकारी (वीडीओ) चेकर की भूमिका में काम कर रहे थे लेकिन जैसे ही प्रशासक की नियुक्ति हुई मामला उलट गया। प्रशासक चेकर और ग्राम पंचायत अधिकारी मेकर की भूमिका में आ गए।
अब ग्राम पंचायत का कार्य वीडीओ कराएगा और एडीओ पंचायत उसकी जांच परख कर के धनराशि का हस्तांतरण कराएंगे। पहले ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत अधिकारी के संयुक्त हस्ताक्षर से धन का आहरण किया जाता था लेकिन अब ग्राम पंचायत अधिकारी और एडीओ पंचायत के संयुक्त हस्ताक्षर से ही धन का आहरण किया जा सकेगा।
राज्य सरकार ग्राम पंचायतों को जो धन आवंटित करती है, वह ग्राम निधि खाते में आता है जबकि केंद्र सरकार ग्राम पंचायतों को जो धन आवंटित करती है वह ग्राम पंचायत द्वारा खुलवाए गए केंद्रीय वित्त योजना आयोग के खाते में भेजा जाता है। कई ग्राम पंचायतों में विकास कार्य होने के बाद भी भुगतान अधर में लटका हुआ है। उसका मुख्य कारण था कि केंद्रीय वित्त योजना आयोग और ग्राम निधि के खातों में पैसा उपलब्ध नहीं था।

Exit mobile version