
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। एयरपोर्ट की तरह बोर्डिंग पास शुरू करने के बाद अब प्रयागराज जंक्शन पर ट्रेन यात्रियों के लिए अत्याधुनिक ‘लग्जरी ट्रैवलर लाउन्जÓ खोला गया है। इस हाईटेक लाउंज में यात्री घंटे के हिसाब से भुगतान कर आराम कर सकेंगे।
रेलवे स्टेशन पर एयरपोर्ट सी सुविधाएं, प्रयागराज जंक्शन पर एयरपोर्ट सरीखा लाउंज पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप पर शुरू हुई योजना
इस ट्रैवलर लाउन्ज में पीओएस सिस्टम और आईओटी आधारित बिलिंग प्रणाली, टच फ्री एवं वाटरलेस यूरिनल्स, स्मार्ट लाकिंग सिस्टम आदि सुविधाएं उपलब्ध हैं। यह लाउन्ज पे एंड यूज सिस्टम पर आधारित है। लाउंज में फ्री वाई-फाई, प्रति घंटा के आधार पर सुरक्षित लॉकर सुविधा भी उपलब्ध है एवं प्रतीक्षालय में चाय, कॉफी, स्नैक्स जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप पर शुरू हुए लाउंज का उत्तर मध्य रेलवे (उमरे) महाप्रबंधक राजीव चौधरी ने उद्घाटन किया। प्रयागराज जंक्शन के सिविल लाइंस की तरफ खुले फ्रेश रूम्स लक्जरी लाउंज केंद्रीयकृत वातानुकूलित है। इसमें प्रथम दो घंटे के लिए 150 रुपए तथा ठहराव बढ़ाने पर प्रति घंटा 70 रुपए भुगतान करना होगा। इसमें वाईफाई की सुविधा है। लाउंज माघमेला 2020 के पहले शुरू करना था लेकिन एजेंसी समय से काम पूरा नहीं कर पाई। मार्च में कोरोना का कहर बढऩे के बाद लाउंज का निर्माण अटका रहा।