मार्च तक नहीं शुरू होंगी पुरानी विमान सेवाएं

इंडिगो और अलायंस एयर ने जारी किया विंटर शेड्यूल

( अनुराग शुक्ला )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। संगम नगरी प्रयागराज से देश के तमाम शहरों के लिए विमान सेवा शुरू करने की योजना बनाने और टिकट बिक्री शुरू करने वाली एयरलाइंस अब नई फ्लाइट शुरू करने से पीछे हट रही है। कोई एयरलाइंस मार्च तक प्रयागराज से नई उड़ान शुरू करने को तैयार नहीं है। प्रयागराज एयरपोर्ट से विमान सेवा उपलब्ध कराने वाली इंडिगो और अलायंस एयर ने विंटर शेड्यूल में नई विमान सेवा शुरू करने का जिक्र तक नहीं किया है।
लॉकडाउन के समय इंडिगो ने प्रयागराज से भोपाल, देहरादून और भुवनेश्वर की फ्लाइट का टिकट बेचना शुरू कर दिया था। प्राइवेट एयरलाइंस ने तीन बार टिकट बेचा और विमान सेवा शुरू नहीं की। एक और एयरलाइंस ने प्रयागराज और लखनऊ के बीच विमान सेवा शुरू करने की योजना बनाई थी।
अधिकारियों के मुताबिक इस समय यात्रियों का टोटा है। इसके अलावा कोरोना की दूसरी लहर में एयरलाइंस नई उड़ान का जोखिम नहीं उठाना चाहतीं। ऐसे में अगले साल अप्रैल के बाद समर शेड्यूल में नई सेवा शुरू होने की संभावना है। एयरपोर्ट के निदेशक अंचल प्रकाश ने बताया कि विंटर शेड्यूल में पुरानी विमान सेवा का ही जिक्र है।

Exit mobile version