ससुराल वालों की एफआईआर पर दामाद पहुंचा जेल
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कर्नलगंज के एक युवक ने नए वर्ष पर पत्नी की विदाई न होने से नाराज होकर ससुराल में बम फोड़ दिया। युवक की इस हरकत से उसके ससुराल वालों ने जानलेवा हमले की एफआईआर दर्ज करा दी। दारागंज पुलिस ने रविवार को आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उसके पास से देशी बम भी बरामद हुआ है।
पुलिस ने बताया कि कर्नलगंज के ढरहरिया निवासी विनोद कुमार भारतीय की शादी अलोपीबाग निवासी हरिश्चंद्र की बेटी नीलम से हुई है। कुछ माह पहले नीलम अपने मायके आ गई। आरोप है कि दो जनवरी को विनोद ससुराल पहुंचा और पत्नी की विदाई की बात करने लगा। उसकी हरकतों से नाराज ससुरालवालों ने विदाई से इनकार कर दिया। आरोप है कि इससे नाराज विनोद ने ससुराल में दो बम फोड़ दिया। बमबाजी से दरवाजा और पर्दा क्षतिग्रस्त हो गया। परिजन बाल-बाल बचे।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भाग निकला। इस मामले में नीलम की मां मुन्नी देवी ने विनोद के खिलाफ जानलेवा हमला करने की एफआईआर दर्ज कराई। दारागंज पुलिस ने बताया कि रविवार को आरोपी विनोद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पांच देशी बम भी बरामद किया है। बम और जानलेवा हमले, दो मुकदमों में दारागंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया।